नई दिल्ली : रविवार, दिसम्बर 3, 2023/ चार राज्यों- मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान और तेलंगाना विधानसभा चुनाव की मतगणना कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच चल रही है। उपलब्ध रूझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में स्पष्ट बहुमत की ओर बढ़ रही है। कांग्रेस तेलंगाना में आगे चल रही है।

राजस्थान में कुल 200 में से एक सौ 99 सीटों के लिए मतदान हुआ था। श्रीगंगानगर के करणपुर सीट के लिए कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था। सभी 199 सीटों के रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी ने 18 सीट जीत ली हैं और 97 पर आगे है। सत्तारूढ़ कांग्रेस ने 5 सीट जीती और 64 पर आगे है। भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट जीती और दो पर आगे है। बहुजन समाज पार्टी ने एक सीट जीत और एक पर बढत बनाए हुए है। अन्य 9 सीटों पर आगे हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत सरदारपुरा निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता सचिन पायलेट टोंक विधानसभा सीट से आगे चल रहे हैं। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी नाथद्वारा सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंदी भाजपा के विश्वराज सिंह मेवार से पीछे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता राज्यवर्धन सिंह राठौर जोटवाड़ा निर्वाचन क्षेत्र से 28 हजार से अधिक वोटों से आगे चल रहे हैं।

मध्य प्रदेश में सभी 230 सीटों के रूझान आ गये हैं। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने 4 सीट जीत ली हैं और 161 सीटों पर आगे हैं। कांग्रेस ने एक सीट जीती और 62 पर आगे है। भारत आदिवासी पार्टी ने एक सीट जीती है। बहुजन समाज पार्टी एक सीट पर बढ़त बनाए हुए है।

मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान बुधनी निर्वाचन क्षेत्र से 29 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और प्रह्वाद पटेल भी अपने निकटतम प्रतिद्वंदियों से आगे चल रहे हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा सीट से आगे चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अपनी शुरूआती प्रतिक्रिया में विजय का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व, गृहमंत्री अमित शाह की रणनीति और पार्टी कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को दिया है।

छत्तीसगढ़ में सभी 90 सीटों के रूझान मिल गए हैं। भारतीय जनता पार्टी 53 सीटों पर, सत्तारूढ़ कांग्रेस 35 और अन्य दो सीट पर आगे हैं।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पाटन निर्वाचन क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता रमन सिंह राजनंद गांव सीट से आगे चल रहे हैं। उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव अंबिकापुर निर्वाचन क्षेत्र में 4 हजार से अधिक वोटों से पीछे चल रहे हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा कि जनता ने भूपेश बघेल सरकार को अस्वीकार कर दिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वायदों में भरोसा व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और किसानों ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन दिया।

राज्य में चुनाव के लिए नक्सल ग्रस्‍त बस्‍तर के एक सौ 26 गांवों में आजादी के बाद पहली बार मतदान केंद्र बनाए गए थे ताकि मतदाताओं को दुर्गम रास्तों से जाने की परेशानी न हो। यह बुलेट पर बैलेट की जीत का प्रतीक है।

तेलंगाना में सभी 119 सीटों के रूझान उपलब्ध हैं। भारत राष्ट्र समिति ने 5 सीट जीती और 30 सीटों पर आगे है। कांग्रेस ने 17 सीट जीत ली हैं और 53 पर आगे है। भारतीय जनता पार्टी ने एक सीट जीती है और 7 सीटों पर आगे है। एआई एमआईएम 6 और अन्य 1 सीट पर आगे है।

तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव कामारेड्डी निर्वाचन क्षेत्र से पीछे चल रहे हैं जबकि वे गजवाल सीट से आगे हैं।

मिजोरम विधानसभा चुनाव के वोटों की गिनती कल होगी।

नागालैंड में तापी विधानसभा आरक्षित सीट का उपचुनाव नेशनेलिस्ट डेमोक्रेटिक प्रोग्रेसिव पार्टी के वांगपांग कोन्याक ने जीत लिया है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के वांगलेम कोन्याक को 5 हजार 3 सौ 33 वोटों से हराया। इस सीट के लिए 96 दशमलव दो-पांच प्रतिशत मतदान रिकार्ड किया गया था।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments