नई दिल्ली : रविवार, फरवरी 2, 2025/ भारत ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 क्रिकेट विश्व कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीत लिया है। क्वालालाम्पुर में आज फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराया। भारत ने 83 रन का लक्ष्य 52 गेंद शेष रहते आसानी से हासिल कर लिया। तृषा गोंगाडी ने शानदार खेल दिखाते हुए भारत को अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का खिताब फिर से जीतने में अहम भूमिका निभाई।
भारत की स्पिन गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया और कुल नौ विकेट चटकाए, जिनमें से तीन तृषा को मिले। अच्छी फील्डिंग की बदौलत भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका को सिर्फ 82 रन पर समेट दिया। धीमी पिच पर यह स्कोर बड़ा नहीं था। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए तृषा ने 33 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाए, जबकि सानिका चालके ने 22 गेंदों पर 26 रन बनाकर नाबाद रहीं। भारत ने 11.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और लगातार दूसरी बार यह खिताब जीत लिया। इससे पहले भारत ने 2023 में दक्षिण अफ्रीका में यह ट्रॉफी जीती थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज आईसीसी अंडर-19 महिला टी-20 विश्व कप 2025 जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहाः “हमें हमारी नारी शक्ति पर बहुत गर्व है! आईसीसी अंडर 19 महिला टी20 विश्व कप 2025 में जीत हासिल करने के लिए भारतीय टीम को बधाई। यह जीत बेहतरीन टीमवर्क के साथ-साथ दृढ़ संकल्प और धैर्य का परिणाम है। यह जीत कई उभरते एथलीटों को प्रेरित करेगी। टीम को भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भारत की अंडर-19 विमेन्स टी-20 क्रिकेट टीम द्वारा विश्व कप जीतने पर बधाई और शुभकामनायें दीं। उन्होंने कहा कि विमेन्स टीम ने यह प्रतियाेगिता दूसरी बार जीती है। फाइनल मैच में लगातार दक्षिण अफ्रीका की टीम को हराकर भारतीय टीम ने यह गौरव हासिल किया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने टीम की सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।