नई दिल्ली : सोमवार, मार्च 9, 2026/ भारत ने तीसरी बार आईसीसी टी-ट्वेंटी विश्व कप जीतकर इतिहास रचा है। इसके साथ ही उसने लगातार दो बार टी-ट्वेंटी विश्वकप जीतने का गौरव भी हासिल किया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर यह खिताब अपने नाम किया।
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 255 रन बनाए। विश्व कप फाइनल में यह अब तक का यह सबसे बड़ा स्कोर है। संजू सैमसन ने 89, ईशान किशन ने 54 और अभिषेक शर्मा ने 52 रन की पारी खेली।
256 रन के विशाल लक्ष्य के जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 19 ओवर में केवल 159 रन ही बना सकी। जसप्रीत बुमराह ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। संजू सैमसन को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने सोशल मीडिया पर लिखा आईसीसी मेन्स टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप जीतकर इतिहास की कई ऊंचाइयों को छूने वाली टीम इंडिया को बहुत-बहुत बधाई। भारत को यह गर्व है कि वह तीन बार कप जीतने वाला अकेला देश है। यह लगातार दो बार कप जीतने वाली भी अकेली टीम है। इससे हमारे क्रिकेट प्रेमियों को बेहद खुशी और गर्व हुआ है। यह हमारे युवाओं में मौजूद अपार प्रतिभा का भी प्रमाण है। उन्होंने आगे कहा कि इस जीत के लिए हर खिलाड़ी, टीम मैनेजमेंट और सपोर्ट स्टाफ प्रशंसा के पात्र हैं। राष्ट्रपति ने कामना की कि भारतीय क्रिकेट टीम भविष्य में भी इसी तरह शानदार प्रदर्शन करती रहे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई। यह शानदार जीत जबरदस्त स्किल्स, दृढ़ संकल्प और टीमवर्क को दिखाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन धैर्य दिखाया। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा, क्या जीत है…!! वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके शानदार प्रदर्शन और जोश ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा, आईसीसी टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप ट्रॉफी जीतने पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम को मेरी ओर से हार्दिक बधाई। हमारे खिलाड़ियों ने न सिर्फ खिताब बरकरार रखा, बल्कि शानदार प्रदर्शन से मैदान पर भी छा गए। यह मैच क्रिकेट प्रशंसकों के लिए यादगार बन गया है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, टी-ट्वेंटी वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की शानदार जीत पर हमारे क्रिकेटरों को दिल से बधाई। उनके खेल कौशल, जुनून और बेहतरीन टीमवर्क ने एक बार फिर देश को गौरवान्वित किया है। हमारी टीम पूरे टूर्नामेंट में चैंपियन की तरह खेली।
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक्स पर लिखा, अजेय भारत—अविश्वसनीय भारत। टी-ट्वेंटी विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक जीत हासिल कर विश्व चैंपियन बनने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई। खिलाड़ियों के अद्भुत प्रदर्शन और उत्कृष्ट टीम भावना ने पूरे देश को गौरवान्वित किया है।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह ने इस जीत को ‘विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा’ बताते हुए लिखा, “गूंज उठा है नीला अंबर… फिर एक मोड़, विश्व विजयी भारत की अश्वमेध यात्रा जारी है। बधाई भारत। यह रात और जीत का यह अंदाज हमेशा याद रहेगा।




