नई दिल्ली : रविवार, फरवरी 2, 2025/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बंसत पंचमी और सरस्वती पूजा के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। सोशल मीडिया पर साझा एक संदेश में राष्ट्रपति मुर्मु ने शिक्षा और ज्ञान से जुड़े इस पर्व पर कामना की है कि य़े पर्व देशवासियों के लिए खुशी, समृद्धि और ज्ञान लेकर आयेंगे। आज के दिन के महत्व का उल्लेख करते हुए राष्ट्रपति ने भारत को विश्व के ज्ञान केंद्र के रूप में स्थापित होने की प्रार्थना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा: “सभी देशवासियों को बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। बसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के शुभ अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं।”
सरस्वती पूजा देवी सरस्वती को समर्पित है, जो वसंत ऋतु के आगमन की घोषणा करता है। इसे विभिन्न भारतीय क्षेत्रों में अलग-अलग रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है। यह त्योहार होलिका और होली की तैयारियों की शुरुआत का भी प्रतीक है, जो चालीस दिन बाद मनाई जाती हैं।
बसंत पंचमी का संबंध पूरी तरह खिले हुए पीले सरसों के खेतों से भी है। इस दिन, लोग पारंपरिक रूप से पीले रंग के परिधान – साड़ी, शर्ट या अन्य सामान पहनते हैं और पीले रंग के व्यंजनों का लुत्फ उठाते हैं। इस दिन चावल के व्यंजनों में अक्सर केसर मिलाया जाता है, जिससे वे उत्सव के पीले रंग में बदल जाते हैं और इन व्यंजनों को दावत में परोसा जाता है।




