नई दिल्ली : गुरूवार, जनवरी 30, 2025/ आज राष्ट्र महात्मा गांधी की 77वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है। इस अवसर पर आज सुबह नई दिल्ली में गांधी समाधि, राजघाट पर सर्वधर्म प्रार्थना का आयोजन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, मनोहर लाल, तीनों सेनाओं के प्रमुख और प्रमुख रक्षा अध्यक्ष भी मौजूद थे। हर साल 30 जनवरी को राष्ट्र महात्मा गांधी की जीवनी व विरासत को स्वतंत्रता संग्राम के मार्गदर्शक के रूप में याद करता है। इस दिन को शहीद दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री मोदी ने हमारे देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनकी सेवा और बलिदान को याद किया। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया; “पूज्य बापू को उनकी पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श हमें विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रेरित करते हैं। मैं हमारे देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं और उनकी सेवा और बलिदान को याद करता हूं।”
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बापू को याद करते हुए एक्स पर लिखा, “सत्य, अहिंसा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के भारतीय मूल्यों को पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाने वाले, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी पुरुष महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से वंदन करता हूं। महात्मा गांधी जी ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर आजादी के आंदोलन को मजबूती दी। स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की दिशा में उनके विचार देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।”
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद किया। उन्होंने गांधी के विचारों का जिक्र करते हुए एक्स लिखा, “सबसे बड़ी मदद जो आप मुझे दे सकते हैं, वह है अपने दिलों से डर को दूर भगाना। शहीद दिवस पर, हम बापू को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जो हमारे राष्ट्र के मार्गदर्शक प्रकाश हैं। सत्य, अहिंसा, सर्वोदय और सर्वधर्म समभाव के उनके विचार हमारे मार्ग को रोशन करते रहते हैं। हमें उन लोगों के खिलाफ लड़ने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए, जो सभी के लिए समानता और उत्थान के उनके आदर्शों को नष्ट करना चाहते हैं। आइए हम भारत की विविधता में एकता की रक्षा करें और सभी के लिए न्याय और समानता सुनिश्चित करें।”
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने एक्स पर लिखा, “सत्य और अहिंसा के शाश्वत पुजारी, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के महान नेता ‘राष्ट्रपिता’ महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटिशः नमन करता हूं। बापू के स्वदेशी व स्वावलंबन केंद्रित विचार, आत्मनिर्भर और विकसित भारत के पथ प्रशस्त कर रहे हैं। उनके जीवन आदर्श सम्पूर्ण मानवता को सदैव प्रेरणा प्रदान करते रहेंगे।”




