केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया एक डाक टिकट प्रदर्शनी का अनावरण किया

नई दिल्ली : मंगलवार, अप्रैल 14, 2026/ डाक विभाग, प्रधानमंत्री संग्रहालय के सहयोग से, 14 से 17 अप्रैल 2026 तक “एक भारत, श्रेष्ठ भारत: डाक टिकटों के माध्यम से भारत की एकता और लोकतंत्र का उत्सव” शीर्षक से एक डाक टिकट प्रदर्शनी का आयोजन कर रहा है। प्रदर्शनी का उद्घाटन केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने किया। उन्होंने प्रदर्शनी में प्रदर्शित की गई वस्तुओं का बड़ी रूचि के साथ अवलोकन भी किया। इस दौरान, उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित डाक टिकट संग्राहकों, डाक टिकट संग्रहकर्ताओं और डिजाइनरों से परस्‍पर बातचीत की और भारत की समृद्ध डाक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में उनके योगदान की सराहना की।

यह प्रदर्शनी भारत की सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहर और डाक परंपराओं को दर्शाने वाले डाक टिकटों का एक चुनिंदा संग्रह प्रस्तुत करती है। इसमें देश के राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और स्वतंत्रता सेनानियों पर केंद्रित विषयगत विवरण शामिल हैं, जो आगंतुकों को आकर्षक और ज्ञानवर्धक अनुभव प्रदान करते हैं।

इस अवसर पर सिंधिया ने कहा कि यह दिन डाक विभाग के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्‍थर है। उन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय की टीम को उनके सहयोग और समर्थन के लिए हार्दिक धन्यवाद व्यक्त किया। स्वतंत्रता के युग से अमृत काल और शताब्दी काल तक भारत की यात्रा पर विचार करते हुए, उन्होंने दोहराया कि डाक विभाग राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा, जैसा कि उसने इतिहास में हमेशा किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि डाक विभाग और प्रधानमंत्री संग्रहालय देश भर में डाक टिकट प्रदर्शनियों के आयोजन के लिए अपनी साझेदारी को सुदृढ़ करेंगे, जिसमें भारत की समृद्ध विरासत और धरोहर को प्रदर्शित किया जाएगा।

इस अवसर पर, प्रधानमंत्री संग्रहालय के चौथे स्थापना दिवस को चिन्हित करते हुए 14 अप्रैल, 2026 को डॉ. बी.आर. अंबेडकर की जयंती और भारत के संविधान के उपलक्ष्य में पिक्चर पोस्ट कार्ड के तीन अलग-अलग सेट जारी किए गए।

डाक विभाग और संग्रहालय के बीच भारत की सांस्कृतिक और डाक विरासत को प्रदर्शनियों, जागरूकता कार्यक्रमों और संयुक्त ब्रांड के डाक टिकट उत्पादों के माध्यम से बढ़ावा देने में सहयोग को मजबूत करने के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी संग्रहालय में एक समर्पित इंडिया पोस्ट काउंटर स्थापित करने की संभावना पर भी विचार करेगी। यह आयोजन सांस्कृतिक संस्थानों और डाक विरासत के बीच समन्‍वय को सुदृढ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

संग्रहालय के अपने दौरे के दौरान, ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने प्रधानमंत्री संग्रहालय में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को समर्पित प्रदर्शनी का भी दौरा किया, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के जीवन, नेतृत्व और प्रमुख पहलों को उजागर करने वाले प्रदर्शनों का अवलोकन किया।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal