भोपाल : बुधवार, सितम्बर 10, 2025/ मध्यप्रदेश की ताइक्वांडो अकादमी की समर्पित और होनहार खिलाड़ी कनिष्का शर्मा ने शानदार उपलब्धि हासिल करते हुए आगामी डैफ्लिम्पिक्स 2025 के लिए क्वालिफाई किया है। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता जापान में 15 से 26 नवम्बर 2025 तक आयोजित होगी।
कनिष्का शर्मा का यह चयन न केवल प्रदेश, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। उनकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस ऐतिहासिक मुकाम तक पहुँचाया है। इस उपलब्धि से भारत को ताइक्वांडो के क्षेत्र में एक नई पहचान मिली है।
मध्यप्रदेश सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कनिष्का शर्मा को इस सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कनिष्का शर्मा ने यह साबित किया है कि कड़ी मेहनत और समर्पण से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उनका चयन डैफ्लिम्पिक्स जैसे प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय आयोजन के लिए होना पूरे प्रदेश और देश के लिए गर्व का विषय है। हमें विश्वास है कि कनिष्का जापान में तिरंगा ऊँचा फहराकर प्रदेश और देश का मान बढ़ाएँगी।”
कनिष्का वर्तमान में मध्यप्रदेश ताइक्वांडो अकादमी, भोपाल में नियमित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कठिन परिश्रम और अनुशासन के बल पर उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है। उनका यह चयन आने वाले खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगा और भारतीय ताइक्वांडो के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा।
कनिष्का शर्मा की इस ऐतिहासिक उपलब्धि से मध्यप्रदेश के युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा। राज्य सरकार खिलाड़ियों को अत्याधुनिक सुविधाएँ, विशेषज्ञ कोचों का मार्गदर्शन और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी का अवसर प्रदान कर रही है, जिसका परिणाम है कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं।




