बुरहानपुर/भोपाल : बुधवार, नवम्बर 23, 2022/ कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज मध्य प्रदेश में प्रवेश किया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने बुरहानपुर के बोदरली गांव में श्री राहुल गांधी का स्वागत किया।

श्री राहुल गांधी के स्वागत के अवसर पर श्री कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश में अब तक की सबसे जोरदार यात्रा होगी। मध्य प्रदेश की जनता और कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं में इस अवसर पर जबरदस्त उत्साह है। महाराष्ट्र कांग्रेश के अध्यक्ष नाना पटोले ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष श्री कमलनाथ को यात्रा का ध्वज सौंपा।

भारत जोड़ो यात्रा सुबह 6:40 पर बोदरली से चलकर 8 किलोमीटर दूर कैंप पर पहुंची। इस दौरान श्री राहुल गांधी और श्री कमलनाथ ने कांग्रेस के मध्य प्रदेश के नेताओं से मुलाकात की।

सुबह यात्रा के प्रारंभ के समय और दोपहर के विश्राम के बाद यात्रा जब दोबारा शुरू हुई तो श्री कमलनाथ श्री राहुल गांधी के साथ पद यात्रा में शामिल हुए।
श्री कमलनाथ मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा में पूरे समय शामिल रहेंगे। बुरहानपुर में हुई सभा में श्री राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश में यात्रा के प्रबंधन की प्रशंसा की और कहा कि वे मध्यप्रदेश में यात्रा को ए ग्रेड देते हैं।

जनसमर्थन के मामले में मध्यप्रदेश में पहले दिन ही केरल और महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है। यात्रा के दौरान मध्य प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने बुरहानपुर में कहा कि जब यात्रा में मैं केरल से गुजरा तो मुझे लगा केरल में सबसे अधिक भीड़ है। लेकिन महाराष्ट्र ने केरल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। और आज पहले ही दिन जनसमर्थन के मामले में मध्यप्रदेश ने महाराष्ट्र को पीछे छोड़ दिया है। मैं मध्य प्रदेश के कार्यकर्ताओं नेताओं और जनता को जनसमर्थन के मामले में ए ग्रेड देना चाहता हूं। भाजपा ने देश में भय और नफरत का माहौल फैलाया है। उसी से लड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली है।जिस व्यक्ति के मन में डर होता है, वह हिंसा और नफरत का सहारा लेता है।

राहुल गांधी ने बुरहानपुर में आगे कहा कि भाजपा के मन में डर है और वह हिंसा फैलाती है। इस समय देश में ना लोकसभा में कोई मुद्दा उठाया जा सकता है, ना मीडिया भाजपा के खिलाफ लिख सकती है, ना न्यायिक संस्थाओं में कुछ किया जा सकता है। इसलिए मैंने तय किया कि सीधे जनता के बीच जाओ और उससे ही इस अन्याय के बारे में संवाद करो। मैं दिन में 8 घंटे यात्रा करता हूं लेकिन मुझे थकान नहीं होती। मैं सुबह 6:00 बजे जिस उत्साह से यात्रा शुरू करता हूं रात के 8:00 बजे भी बिना थकान के वैसे ही यात्रा करता हूं। मुझे थकान नहीं होती, इसकी वजह है देश की जनता का समर्थन और प्यार।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments