बेलगावी : रविवार, अप्रैल 28, 2024/ प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि पिछले 10 वर्षों में उनकी सरकार ने किसान उत्पादक संगठन के माध्यम से छोटे किसानों की लागत को कम करने और कृषि उपज के लिए बाजार खोलने में मदद की है। उन्‍होंने आज कर्नाटक के बेलगावी में एक चुनावी सभा में कहा कि वित्तीय सहायता से 10 करोड़ से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों को लाभ हुआ है और किसानों को इथेनॉल मिश्रित ईंधन से 70 हजार करोड़ रुपये की आमदनी हुई है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि केन्‍द्र सरकार द्वारा पारित भारतीय न्याय संहिता कानून से व्यवस्था का बेहतर प्रबंधन होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार प्रधानमंत्री कृषि सम्मान योजना से किसानों को दिए जाने वाले 4 हजार रुपये में कटौती कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि वोट बैंक और तुष्टिकरण की कांग्रेस की राजनीति के कारण राज्य में कानून-व्यवस्था बिगड़ रही है। उन्होंने हाल ही में हुबली में नेहा हिरेमथ की हत्या और रामेश्वरम कैफे में हुए बम विस्फोट का भी जिक्र किया।

प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस, केंद्र द्वारा प्रतिबंधित संगठन पी.एफ.आई से चुनाव के लिए मदद ले रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस बच्चों को विरासत में मिली संपत्ति पर कर लगाने का प्रस्ताव कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, जब्त की गई संपत्ति अपने वोट बैंक को देना चाहती है। उन्होंने एच.ए.एल और भारत में बने कोरोना वैक्सीन पर झूठा अभियान चलाने के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराया।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने ईवीएम पर संदेह करने वालों को करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठी बातें कर लोकतंत्र को कमजोर कर रही है। प्रधानमंत्री ने राजा-महाराजाओं द्वारा अपनी प्रजा से धन की उगाही करने और नागरिकों पर अत्याचार करने के राहुल गांधी के आरोप की आलोचना की।

उन्होंने कहा कि शिवाजी महाराज, रानी चेन्नम्मा, बड़ोदरा के गायकवाड़, अहिल्याबाई होल्कर और मैसूर के वाडियार दयालु राजा थे। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी औरंगजेब, नवाबों, निज़ामों और सुल्तानों की आलोचना की हिम्मत नहीं करते जिन्होंने मंदिर नष्ट किए।

 


इस खबर को शेयर करें


Comments