नई दिल्ली : रविवार, फरवरी 4, 2024/ हिंदी और ओडिया दोनों फिल्म इंडस्ट्री में अपनी छाप छोड़ने वाले दिग्गज अभिनेता और निर्देशक साधु मेहर का 84 वर्ष की उम्र में शुक्रवार को मुंबई में निधन हो गया। फैंस और फिल्म इंडस्ट्री के स्टार्स भी मेहर को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंदी और उड़िया सिनेमा के दिग्गज साधु मेहर के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया “साधु मेहर का निधन फिल्म जगत और हमारी सांस्कृतिक विरासत के लिए अपूरणीय क्षति है। हिंदी और उड़िया सिनेजगत के महान कलाकार का अभिनय और सिनेमा के प्रति समर्पण अनुकरणीय था। इस अपूरणीय क्षति पर मेरी संवेदनाएं उनके शोक संतप्त परिवार, सहकर्मियों और प्रशंसकों के साथ हैं। हम उनकी समृद्ध कला विरासत को संजोते हैं। ओम शांति।"

साधु मेहर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतने वाले ओडिशा के पहले व्यक्ति बने। ‘अंकुर’ के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला। मनोरंजन के क्षेत्र में आजीवन योगदान के लिए उन्हें 2017 में पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया था। उन्हें 2011 में ओडिशा सरकार द्वारा जयदेव सम्मान से सम्मानित किया गया था। मेहर ने कई बंगाली फिल्मों में भी काम किया, जिनमें बुद्धदेव दासगुप्ता, संदीप रे और उत्पलेंदु चक्रवर्ती द्वारा निर्देशित फिल्में शामिल हैं। 1989 में सब्यसाची महापात्रा की संबलपुरी भाषा की फिल्म ‘भूखा’ में मेहर के किरदार को खूब सराहा गया।


इस खबर को शेयर करें


Comments