खेल से आत्मविश्वास और आत्मबल में वृद्धि होती है : विश्वास सारंग

भोपाल : शनिवार, जनवरी 20, 2024/ सेवा, सहयोग, टीम भावना और महिला सशक्तीकरण के लिए समर्पित विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन के तत्वावधान में मैत्री क्रिकेट मैच आज ओल्ड कैंपियन ग्राउंड पर आयोजित किया गया जिसका उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवम् सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने किया।

मैत्री मैच का आयोजन भाजपा के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय विजेश लुनावत की याद में उनके जन्मदिन पर किया गया। जिसके अन्तर्गत महिला वर्ग का मैच ध्वज वाहिनी तथा युवा शक्ति टीमों के बीच खेला गया तथा पुरुष वर्ग का मैच पत्रकार इलेवन और वीएलएफ डॉक्टर्स इलेवन के बीच खेला गया।

मैत्री क्रिकेट मैच का आयोजन प्रत्येक वर्ष 20 जनवरी को पिछले तीन वर्षों से किया जा रहा है। रोमांचकारी मुकाबले में मुस्कान लुनावत के कप्तानी में ध्वज वाहिनी टीम को 2 रनों से पराजित किया जबकि डॉक्टर शैलेश लुनावत के कप्तानी में वीएलएफ डॉक्टर्स इलेवन ने पत्रकार इलेवन को 16 रनों के अंतर से पराजित किया।

अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने कहा कि बहुत दुख की बात है कि विजेश लुनावत हमारे बीच से असमय चले गए पर यह खुशी की बात है कि लुनावत परिवार और विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन स्वर्गीय लुनावत के सेवा कार्यों को लगातार आगे बढ़ा रहा है और नई ऊंचाइयों पर पहुंचा रहा है।

भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने स्वर्गीय विजेश लुनावत का संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि परोपकार और सेवा से बढ़कर कोई भी धर्म नहीं है।

मध्य प्रदेश सरकार में खेल एवम् युवक कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने अपने उद्बोधन में स्वर्गीय विजेश लुनावत का संगठन और खेल के प्रति उनके लगाव तथा प्रतिबद्धता का उल्लेख किया और कहा कि लुनावत परिवार और विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन पिछले 33 महीनों से लगातार स्वर्गीय लुनावत के द्वारा शुरू किए गए कार्यों को आगे बढ़ा रहा है जो कि अतुलनीय है। उन्होंने कहा कि खेल से आत्मविश्वास और आत्मबल की वृद्धि होती है और स्वास्थ्य के लिए खेल बहुत जरूरी है।

लोक स्वास्थ्य एवम् परिवार कल्याण राज्य मंत्री नरेंद्र पटेल ने कहा कि उन्होंने स्वर्गीय लुनावत के साथ भाजपा में बहुत समय तक कार्य किया और उनकी संगठन के प्रति निष्ठा तथा सांगठनिक क्षमता से अपने जीवन में बहुत कुछ सीखा।

भोपाल दक्षिण पश्चिम से विधायक और भाजपा प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने कहा कि स्वर्गीय लुनावत को आज भी हम उनके दृढ़ संकल्प, संगठन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा सामाजिक सेवा के प्रति उनके समर्पण के लिए याद करते हैं। उनके जाने के बाद रिक्त हुए स्थान को भरना कठिन है।

पुरस्कार वितरण हितानंद शर्मा, विश्वास सारंग तथा नरेन्द्र पटेल ने किया। विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन द्वारा रोलर स्केटिंग के युवा अन्तर्राष्ट्रीय खिलाड़ी संचय सिंह तथा सुप्रसिद्ध भजन गायक रवि खरे का सम्मान किया गया।संचय ने राष्ट्रीय स्तर पर 16 मेडल्स जीते है और अभी चीन में ब्रोंज मेडल जीता।

उक्त अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा सिंह, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल, भोपाल मेयर मालती राय, विधायक अरविन्द पटेरिया, जिला भाजपा अध्यक्ष सुमित पचौरी, भोपाल विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष सुनील पांडेय, मेयर इन काउंसिल सदस्य एवं भाजपा जिला महामंत्री रवीन्द्र यती, मेयर इन काउंसिल सदस्य सुषमा बावीसा, स्थानीय पार्षद शिखा मोनू गोहिल, भाजपा जिला मंत्री अश्विनी राय, भाजपा जिला मंत्री राजकुमार विश्वकर्मा, जिला मंत्री भीकम सिंह बघेल, फाउंडेशन संयोजक डॉक्टर शैलेश लुनावत, सचिव स्मिता लुनावत, अलका लुनावत, डॉक्टर सार्थक लुनावत, मुस्कान लुनावत, हिदायतुल्लाह शेख, अनूप, संतोष जाट, देवेन्द्र अटूट, प्रशांत चंदेलकर, युधिष्ठिर देशमुख, सुशील अग्रवाल, प्रीति चौरसिया एवम् बहुत बड़ी संख्या में भोपाल के जन प्रतिनिधि, अन्य नेता और कार्यकर्ता, डॉक्टर्स, पत्रकार तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद तथा भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर रहते हुए स्वर्गीय विजेश लुनावत सामाजिक सेवा, पर्यावरण तथा खेल के क्षेत्र में भी लगातार सक्रिय थे। उनका देहावसान 5 मई 2021 को हुआ था। उनकी स्मृति में विजेश लुनावत स्मृति फाउंडेशन का गठन किया गया जिसके अध्यक्ष विधायक व पूर्व मंत्री जयंत मलैया हैं।


इस खबर को शेयर करें


Comments