नई दिल्ली : सोमवार, जून 30, 2025/ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस त्रासदी से बहुत दुखी हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में हुई मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने प्रत्येक मृतक के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
पीएमओ इंडिया के हैंडल से एक्स पर पोस्ट में कहा गया “तेलंगाना के संगारेड्डी में एक फैक्ट्री में आग लगने की घटना में लोगों की मौत से दुखी हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खो दिया है, उनके प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने तेलंगाना के संगारेड्डी में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए हादसे पर दुख व्यक्त किया है। अमित शाह ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि तेलंगाना के संगारेड्डी में एक केमिकल फैक्ट्री में हुए दुःखद हादसे से बहुत दुखी हूँ। NDRF की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर बचाव अभियान जारी रखे हुए है। जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है उनके प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूँ।
बता दें कि तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में एक दवाई की फैक्ट्री में आज हुए विस्फोट में 12 कर्मचारियों की मौत हो गई और 26 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। इस घटना में कंपनी का परिसर पूरी तरह से जल गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिक्रिया दल और अन्य एजेंसियां बचाव अभियान चला रही हैं।
घटनास्थल का दौरा करने वाले राज्य के श्रम मंत्री विवेक वेंकटस्वामी ने बताया कि विस्फोट के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। इस बीच, मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अधिकारियों को घायलों को बेहतर चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। केंद्रीय कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा है कि केंद्रीय एजेंसियाँ बचाव अभियान में पूरा सहयोग करेंगी।




