आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका; तीन राज्यसभा सांसद भाजपा में हुए शामिल

नई दिल्ली : शुक्रवार, अप्रैल 24, 2026/ आम आदमी पार्टी के तीन राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा, संदीप पाठक और अशोक मित्तल ने आज पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गये। इससे आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। इन तीनों सांसदों ने आज भाजपा मुख्यालय जाकर पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। इससे पहले नई दिल्ली में संवाददाता सम्‍मेलन में राघव चड्ढा ने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दो-तिहाई सदस्यों ने भाजपा में विलय का फैसला किया है।

चड्ढा ने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार को खत्म करने के संकल्प के साथ गठित आम आदमी पार्टी अब भ्रष्ट और समझौतावादी व्यक्तियों के शिकंजे में है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के दस सांसद हैं और दो-तिहाई से अधिक सांसद भाजपा में शामिल होने के उनके फैसले से सहमत हैं। चड्ढा ने कहा कि उन्होंने सभी संबंधित दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर राज्यसभा के सभापति को सौंप दिए हैं।

इस घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने इसे भाजपा का ‘ऑपरेशन लोटस’ करार देते हुए आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई जैसी केंद्रीय एजेंसियों के दबाव में नेताओं को तोड़ा गया है।

आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि ‘ऑपरेशन लोटस’ के जरिए भाजपा पंजाब की भगवंत मान सरकार को अस्थिर करना चाहती है। उन्होंने इसे पंजाब और वहां की जनता के साथ धोखा बताया और कहा कि लोग इसे कभी नहीं भूलेंगे।

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal