नई दिल्ली : शुक्रवार, जून 13, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह गुजरात के अहमदाबाद सिविल अस्पताल पहुंचे और एयर इंडिया विमान दुर्घटना के घायलों से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि अहमदाबाद में हुए हवाई हादसे से पूरा देश स्तब्ध है। उन्होंने कहा कि हृदय विदारक तरीके से अचानक इतने लोगों की मौत बहुत ही दुखद है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने दुर्घटना में बचे एकमात्र यात्री भारतीय मूल के ब्रिटिश नागरिक विश्वास कुमार रमेश से अस्पताल जाकर मुलाकात की। विश्वास ने दुर्घटना से जुडे अनुभव प्रधानमंत्री के साथ साझा किए। प्रधानमंत्री मोदी ने दुर्घटना स्थल का भी दौरा किया और वहां पर बचाव कार्यों में लगे अधिकारियों और अन्य लोगों से मुलाकात कर स्थिति का जायजा लिया।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अहमदाबाद में हुए विमान हादसे के बाद यहां का दौरा किया। इस विमान दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु हो गई है। प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी पूर्ण संवेदना व्यक्त करते हुए, प्रधानमंत्री मोदी ने इस हादसे में घायल हुए लोगों से भेंट की, जिसमें एकमात्र जीवित बचे एक सज्जन भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने इस कठिन समय में पूरे देश के संपूर्ण भाव से उनके साथ होने का भी आश्वासन दिया।
एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा: “अहमदाबाद में हुए दुखद विमान हादसे के बाद घायल हुए लोगों से भेंट की, इनमें एकमात्र जीवित बचे सज्जन से मुलाकात भी शामिल है। उन्हें भरोसा दिलाया कि हम इस कठिन समय में उनके और उनके परिवारों के साथ हैं। पूरा देश उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।”
बाद में प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। वे हादसे में मारे गए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी के परिजनों से भी मिले। हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि दुर्घटना में मारे गए लोगों में से छह लोगों के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं।
चालक दल सहित 242 लोगों को लेकर लंदन जा रहा एयर इंडिया का विमान बोइंग 787-8 कल अहमदाबाद हवाई अड्डे से उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। यह विमान बी जे मेडिकल कॉलेज के पास एक आवासीय परिसर में जा गिरा था।




