“संगठन सृजन अभियान” : नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया शुभारंभ

भोपाल : मंगलवार, जून 3, 2025/ देश के हृदय प्रदेश मध्यप्रदेश की राजधानी, आज एक ऐतिहासिक राजनीतिक गतिविधि की साक्षी बनी जब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के शीर्ष नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष माननीय राहुल गांधी ने यहाँ पहुँचकर “संगठन सृजन अभियान” की शुरुआत की।

भोपाल एयरपोर्ट पर राहुल गांधी का वरिष्ठ नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।उत्साह के बीच राहुल गाँधी ने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया और प्रदेश की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया।

सर्वप्रथम राहुल गांधी ने भोपाल में स्थित पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पश्चात उन्होंने मध्यप्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आगामी संगठनात्मक गतिविधियों को लेकर गहन चर्चा की।

भोपाल में आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (Political Affairs Committee) की महत्वपूर्ण बैठक को राहुल गांधी ने सम्बोधित किया और पार्टी की सांगठनिक दिशा, नीतियों और मध्यप्रदेश की राजनीतिक परिस्थिति पर विचार रखे। इस बैठक में आगामी रणनीतियों को लेकर भी अहम निर्णय लिए गए।

“संगठन सृजन अभियान” के अंतर्गत राहुल गांधी ने भोपाल स्थित इंदिरा भवन (प्रदेश कांग्रेस कार्यालय) में कांग्रेस विधायक दल की बैठक को संबोधित किया, जिसमें मध्यप्रदेश कांग्रेस के सभी विधायक उपस्थित रहे।

इसके अतिरिक्त, राहुल गांधी ने अभियान के तहत नियुक्त किए गए पर्यवेक्षकों और प्रभारियों से भी मुलाकात कर उन्हें संबोधित किया। इस संवाद में उन्होंने अभियान की दिशा, उद्देश्यों और कार्यशैली पर मार्गदर्शन दिया और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।

नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भोपाल में आयोजित कांग्रेस पार्टी सम्मेलन में PCC (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) सदस्यों, जिला व ब्लॉक अध्यक्षों, तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं व कार्यकर्ताओं को भी संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस संगठन की भूमिका, जमीनी मजबूती और वैचारिक जागरूकता के महत्व पर बल दिया।

उन्होंने स्पष्ट किया कि इस अभियान के माध्यम से हर ब्लॉक, हर जिले तक कांग्रेस की विचारधारा फिर से जन-जन तक पहुंचेगी। यह अभियान केवल संगठनात्मक पुनर्गठन नहीं, बल्कि एक वैचारिक आंदोलन भी है, जो देश के लोकतांत्रिक मूल्यों को पुनर्स्थापित करने का माध्यम बनेगा।

“संगठन सृजन अभियान” अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा संचालित एक व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन कार्यक्रम है। इसका उद्देश्य पार्टी को बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक मजबूत करना, स्थानीय नेतृत्व को सशक्त बनाना, और आम जनमानस से सीधा जुड़ाव स्थापित करना है।

कांग्रेस पार्टी इस अभियान के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नवचेतना का संचार कर रही है और भविष्य के चुनावों के लिए मजबूत आधारशिला रख रही है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal