भोपाल : बुधवार, मई 28, 2025/ मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस मुख्यालय, भोपाल पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (ADG) को ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन इंदौर के तेजाजी नगर थाने में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई भारत पटवारी एवं नाना पटवारी के खिलाफ दर्ज की गई एकतरफा एवं पक्षपातपूर्ण FIR की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने हेतु सौंपा गया।
प्रतिनिधिमंडल में विधायक आरिफ मसूद, कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव कुणाल चौधरी, पूर्व लोकसभा प्रत्याशी अरुण श्रीवास्तव, पार्टी के प्रदेश महामंत्री गौरव रघुवंशी, चुनाव आयोग प्रभारी जेपी धनोपिया, प्रदेश महामंत्री रोशनी यादव, अमित शर्मा, NSUI प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, कांग्रेस प्रवक्ता रवि सक्सेना, अजीत भदौरिया, जितेंद्र मिश्रा, संतोष परिहार, अभिनव बरोलिया, प्रवीण धौलपुरे , कुंदन पंजाबी आनंद जाट,मिथुन अहिरवार,अवनीश बुंदेला, राहुल राज, रितेश त्रिपाठी, पूर्व महिला जिलाध्यक्ष संतोष कंसाना, प्रदेश सचिव राज कुमार सिंह सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नेता प्रतिपक्ष श्री उमंग सिंघार ने कहा यह FIR राजनीतिक द्वेष की भावना से प्रेरित होकर की गई है। यह दर्शाता है कि किस प्रकार भाजपा सरकार व्यक्तिगत दुश्मनी के तहत विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। FIR में जिनका नाम है, उनका जमीन से कोई लेना-देना नहीं है, जबकि उस ट्रस्ट की जमीन पर लगे बोर्ड पर स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री मोहन यादव के भाई का नाम अंकित है। यह सवाल उठता है कि जब मुख्यमंत्री के भाई का नाम उस जमीन से जुड़ा है, तो विपक्ष के नेताओं के परिजनों पर FIR कैसे की गई? हम मांग करते हैं कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच हो।
मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा यह FIR राजनीति के असली चेहरे को उजागर करती है। वह भूमि यादव महासभा की है, और उस पर लगे बोर्ड पर मुख्यमंत्री के भाई का नाम दर्ज है। इसके बावजूद प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी जी के भाईयों को झूठे मामलों में फंसाया जा रहा है। कांग्रेस इस राजनीतिक षड्यंत्र के खिलाफ सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करती है और साफ करती है कि यदि जल्द ही न्यायसंगत कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी राज्यभर में आंदोलन के लिए बाध्य होगी।




