नीरज चोपड़ा ने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में 90 मीटर पार भाला फेंक रचा इतिहास, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली : शनिवार, मई 17, 2025/ भारत के नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे। उन्‍होंने 90.23 मीटर की रिकॉर्ड दूरी तक भाला फेंकने में कामयाबी हासिल की। जर्मनी के जूलियन वेबर 91.06 मीटर के साथ पहले स्‍थान पर रहे। नीरज ने तीसरे राउंड में 90.23 मीटर तक भाला फेंक कर अपने करियर में पहली बार 90 मीटर की दूरी को पार किया। जूलियन वेबर ने अंतिम प्रयास में पहला स्‍थान प्राप्‍त किया।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नीरज चोपड़ा को दोहा डायमंड लीग 2025 में भाला फेंक स्पर्धा में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने और अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो प्रदर्शन के लिए बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह उनके अथक समर्पण, अनुशासन और जुनून का परिणाम है।” प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट में कहा ; “शानदार उपलब्धि! दोहा डायमंड लीग 2025 में 90 मीटर का आंकड़ा पार करने और अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो को प्राप्त करने के लिए नीरज चोपड़ा को बधाई। यह उनके अथक समर्पण, अनुशासन और जुनून का परिणाम है। भारत उत्साहित और गौरवान्वित है।”

उनके इस प्रदर्शन में नए कोच जान जेलेज्नी की अहम भूमिका मानी जा रही है। नीरज ने हाल ही में अपने पुराने जर्मन कोच डॉ. क्लॉस बार्टोनिएट्ज को हटाकर तीन बार के ओलंपिक गोल्ड मेडल विजेता चेक गणराज्य के जेलेज्नी को अपना कोच बनाया है। अब नीरज 90 मीटर क्लब का हिस्सा बन चुके हैं, जिसमें पाकिस्तान के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता अर्शद नदीम भी शामिल हैं। यह नीरज के लिए केवल एक रिकॉर्ड नहीं बल्कि व्यक्तिगत रूप से एक बड़ी उपलब्धि है।

इसके अलावा, भारत की पारुल चौधरी महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में छठे स्थान पर रहीं। उन्होंने 9 मिनट 13.39 सेकेंड के समय के साथ अपना ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा।

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal