नई दिल्ली : सोमवार, मई 12, 2025/ विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। इस चौंकाने वाले फैसले की जानकारी विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से दी। विराट कोहली की इस घोषणा के साथ भारतीय टेस्ट क्रिकेट में एक युग का समापन हो गया।
विराट ने अपने पोस्ट में लिखा, “14 साल पहले मैंने पहली बार टेस्ट क्रिकेट में ब्लू कैप पहनी थी। ईमानदारी से कहूं तो मैंने कभी नहीं सोचा था कि यह प्रारूप मुझे ऐसी यात्रा पर ले जाएगा। इसने मुझे परखा, मुझे गढ़ा और ऐसी सीख दी जो मैं जीवनभर साथ रखूंगा।”
कोहली ने कहा, “सफेद जर्सी में खेलने में कुछ खास है। ये एक शांत, लंबा और धैर्य से भरा सफर होता है। ये छोटे-छोटे पल जो कोई नहीं देखता लेकिन जो हमेशा आपके साथ रहते हैं। अब जब मैं इस फॉर्मेट से विदा ले रहा हूं, तो मन भारी है लेकिन अंदर से सही लग रहा है। मैंने टेस्ट क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया, और इसने मुझे उससे कहीं ज्यादा लौटाया।”
कोहली ने पोस्ट में आगे लिखा, “मैं कृतज्ञता से भरा हुआ हूं। इस खेल के लिए, उन सभी साथियों के लिए जिनके साथ मैंने मैदान साझा किया, और हर उस व्यक्ति के लिए जिन्होंने मुझे इस सफर में सराहा। हमेशा अपने टेस्ट करियर को मुस्कान के साथ याद करूंगा।”
विराट कोहली ने 46.85 प्रतिशत के औसत से 123 टेस्ट मैचों में 9230 रन बनाए। विराट कोहली, सचिन तेंडुलकर, राहुल द्रविड और सुनील गावस्कर के बाद भारत के लिए सबसे अधिक रन बनाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। विराट कोहली ने रिकॉर्ड 68 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तान की। वर्ष 2024 में T-20 विश्व कप में भारत की जीत के बाद विराट कोहली T-20 फार्मेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा के कुछ दिनों के बाद विराट ने यह फैसला लिया।




