भारत के उत्तरी और पश्चिमी क्षेत्रों में 32 हवाईअड्डे 15 मई तक नागरिक उड़ानों के लिए बंद

नई दिल्ली : शनिवार, मई 10, 2025/ भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) और संबद्ध विमानन प्राधिकरणों ने परिचालन संबंधी कारणों से 9 से 14 मई 2025 (जो 15 मई 2025 को 0529 आईएसटी के अनुरूप है) तक उत्तरी और पश्चिमी भारत के 32 हवाई अड्डों को सभी तरह के नागरिक उड़ान संचालन के लिए अस्थायी रूप से बंद करने की घोषणा करते हुए नोटिस टू एयरमैन (नोटम) की एक श्रृंखला जारी की है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने परिचालन संबंधी कारणों से दिल्ली और मुंबई उड़ान सूचना क्षेत्रों (एफआईआर) के भीतर हवाई यातायात सेवा (एटीएस) मार्गों के 25 खंडों के अस्थायी रूप से बंद रहने की अवधि को भी बढ़ा दिया है।

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने ताजा अपडेट में कहा, “परिचालन कारणों से यह बंद 15 मई 2025 को भारतीय समयानुसार 05:29 बजे तक रहेगा।” इन प्रभावित हवाई अड्डों में आदमपुर, अंबाला, अमृतसर, अवंतीपोरा, बठिंडा, भुज, बीकानेर, चंडीगढ़, हलवारा, हिंडन, जैसलमेर, जम्मू, जामनगर, जोधपुर, कांडला, कांगड़ा (गग्गल), केशोद, किशनगढ़, कुल्लू मनाली (भुंतर), लेह, लुधियाना, मुंद्रा, नालिया, पठानकोट, पटियाला, पोरबंदर, राजकोट (हीरासर), सरसावा, शिमला, श्रीनगर, थोइस और उत्तरलई शामिल हैं।

नोटम जी0555/25 (जो जी0525/25 की जगह लेता है) के अनुसार, 25 मार्ग खंड 14 मई 2025 को 2359 यूटीसी (जो 15 मई 2025 को 0529 IST के अनुरूप है) तक जमीनी स्तर से असीमित ऊंचाई तक के लिए अनुपलब्ध रहेंगे।

एयरलाइंस और फ्लाइट ऑपरेटरों को मौजूदा हवाई यातायात परामर्श के अनुसार वैकल्पिक रूटिंग की योजना बनाने की सलाह दी गई है। सुरक्षा सुनिश्चित करने और व्यवधान को कम करने के लिए संबंधित एटीसी इकाइयों के समन्वय में अस्थायी बंद का प्रबंधन किया जा रहा है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal