नई दिल्ली : बुधवार, मार्च 5, 2025/ भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। दुबई में खेले गए पहले सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत को जीत के लिए 265 रन का लक्ष्य दिया जवाब में भारतीय टीम ने 48.1 ओवर में 6 विकेट पर 267 रन बनाकर मैच जीत लिया। के. एल. राहुल ने शानदार छक्का जड़कर भारत को जीत दिलवाई, उन्होंने 42 रन बनाए। भारतीय टीम ने रोहित शर्मा और शुभमन गिल का विकेट पॉवर प्ले में ही गवां दिया था। जिसके बाद विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने 91 रन की शानदार साझेदारी की। विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 84 रन बनाये और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। श्रेयस अय्यर ने 45 रन का योगदान दिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस और एडम ज़ैम्पा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि कूपर कोनोली और बेन ड्वारशुइस ने एक-एक विकेट लिया।
इस जीत के साथ ही भारत लगातार तीसरी बार चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। अब 9 मार्च को दुबई में दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड के बीच दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से भिड़ेगा। इस जीत के साथ, भारत ने ऑस्ट्रेलिया से बदला भी ले लिया, जिसे उन्होंने 2023 में एकदिवसीय विश्व कप के फाइनल में हराया था।
टीम इंडिया के लिए एक बार फिर विराट कोहली संकटमोचक बने। उन्होंने 98 गेंद में शानदार 84 रन बनाए। हालांकि, दुबई के इंटरनेशनल स्टेडियम में कोहली का एक और शतक देखने से दर्शक वंचित रह गए। कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाकर टीम को आसान जीत दिलाई थी। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भले ही विराट शतक तक नहीं पहुंच पाए। लेकिन, उनकी 84 रनों की पारी ने टीम को फाइनल का टिकट दिला दिया। विराट ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके लगाए।
265 रनों का पीछा करने के लिए ओपनर के रूप में कप्तान रोहित शर्मा और उपकप्तान शुभमन गिल मैदान पर उतरे थे। दोनों से एक अच्छी शुरुआत की उम्मीद थी। दोनों ने शुरुआत के ओवरों में कुछ अच्छे शॉट्स भी खेले। लेकिन, 30 रन के स्कोर पर भारत को पहला झटका शुभमन गिल के तौर पर लगा। इसके बाद क्रीज पर रोहित के साथ पारी को संभालने के लिए रन मशीन विराट कोहली पहुंचे। रोहित और विराट के कंधों पर पूरा भार था। रोहित अच्छे लय में दिख रहे थे। लेकिन, 8वें ओवर की आखिरी गेंद पर स्विप मारने के चक्कर में आउट हो गए। भारत का स्कोर अभी 43 रन ही था। रोहित के पवेलियन लौटने के बाद विराट का साथ देने क्रीज पर श्रेयस अय्यर आए।
अय्यर ने विराट के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की ढीली गेंदों का फायदा उठाया। श्रेयस अय्यर ने 62 गेंद पर 45 रनों की शानदार पारी खेली। 27वें ओवर की दूसरी गेंद पर एडम जम्पा को कट मारने की कोशिश में श्रेयस अय्यर बोल्ड हो गए। अय्यर के आउट होने के बाद विराट के साथ पारी को संभालने के लिए विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल क्रीज पर आए। राहुल ने विराट के साथ टीम की जीत सुनिश्चित की। राहुल ने 34 गेंदों में 42 रन की पारी खेली। पारी के दौरान दो चौके और दो छक्के लगाए। वहीं, हार्दिक पांड्या ने 24 गेंदों में तूफानी 28 रनों की पारी खेली। केएल राहुल ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 73 रन और एलेक्स कैरी ने 61 रन बनाए। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे ज्यादा तीन विकेट जबकि वरुण चक्रवर्ती और रवींद्र जड़ेजा ने दो-दो विकेट लिए। अक्षर पटेल और हार्दिक पंड्या को एक-एक विकेट मिला।
बता दें कि भारत चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला 9 मार्च को दुबई में खेलेगा। आज चैंपियंस ट्रॉफी का दूसरा सेमीफाइनल न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। इस मैच में जीतने वाली टीम भारत के साथ ट्रॉफी जीतने के लिए खेलेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को यूएई के दुबई में हुए आईसीसी चैंपियन ट्रॉफी-2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम की शानदार विजय पर सभी को बधाई दी है। इस विजयश्री से भारत ने चैंपियन ट्राफी-2025 के फाइनल मैच में अपना स्थान बना लिया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज की जीत विजय पथ पर भारत के बढ़ते कदम हैं। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी हृदय से बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आईसीसी चैंपियनशिप ट्रॉफी-2025 में भारत की शानदार विजय पर समस्त देशवासियों की प्रसन्नता में शामिल होते हुए कहा कि सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध सभी भारतीय खिलाड़ियों का श्रेष्ठ प्रदर्शन रहा और भारत ऐतिहासिक विजय प्राप्त कर फाइनल मुकाबले में पहुंचा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आशा जताई है कि भारतीय क्रिकेट टीम का ऐसा ही शानदार प्रदर्शन फाइनल में भी भारतीयों के चेहरों पर विजयी मुस्कान बिखेर देगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भारतीय क्रिकेट टीम को फाइनल मुकाबले में जीत के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं।




