नई दिल्ली : गुरूवार, फरवरी 20, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्रीमती रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई दी है। प्रधानमंत्रीमोदी ने कहा कि वह जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, राज्य संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं।
प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर लिखा:”रेखा गुप्ता को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। वे जमीनी स्तर से उठकर आई हैं, कैंपस राजनीति, राज्य संगठन, नगर निगम प्रशासन में सक्रिय रहीं और अब विधायक के साथ-साथ मुख्यमंत्री भी हैं। मुझे विश्वास है कि वे दिल्ली के विकास के लिए पूरी ताकत से काम करेंगी। उनके सफल कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामनाएं।”
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली के मुख्यमंत्री के बाद प्रवेश साहिब सिंह, आशीष सूद, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर कहा: ” प्रवेश साहिब सिंह , आशीष सूद , सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा , रविंदर इंद्राज सिंह , कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह को दिल्ली सरकार में मंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई। इस टीम में जोश और अनुभव का शानदार मेल है और यह निश्चित रूप से दिल्ली के लिए सुशासन सुनिश्चित करेगी। उन्हें शुभकामनाएं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के शालीमार बाग विधान सभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती रेखा गुप्ता को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। श्रीमती गुप्ता गुरूवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करेंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया पर बधाई देते हुए कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में रेखा गुप्ता दिल्ली के विकास और जनकल्याण के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य कर नए कीर्तिमान स्थापित करेंगी।
केंद्रीय मंत्री तोखन साहू ने कहा, “देश के दिल में मोदी हैं। दिल्ली की जनता पहले से कह रही थी कि आप-दा जाएगी और भाजपा आएगी। इसके बाद उन्होंने जनादेश दिया। पीएम मोदी और भाजपा को देश की जनता ने स्वीकार किया है। दिल्ली में भाजपा ने महिला मुख्यमंत्री दी है। पार्टी हमेशा लोकतंत्र के हित में काम करती है।”
हिमाचल प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा, “रेखा जी दिल्ली की नेता हैं, उन्होंने संघर्ष किया और विभिन्न आंदोलनों का हिस्सा रही हैं। अब दिल्ली को जिस-जिस ने लूटा है, उसे वो लौटाना पड़ेगा। दिल्ली को कूड़े से मुक्ति दिलाना, पानी की समस्या दूर करना प्रमुख प्राथमिकताओं में से एक है।”
लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) सांसद शांभवी चौधरी ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “अच्छी बात है कि महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का वापस से मौका मिल रहा है। एनडीए की सरकार ने हर बार आधी आबादी की बात कही है। बिहार की बात करें तो यहां पर भी महिलाओं को लोकल लीडरशिप देकर आगे बढ़ाया जा रहा है, जो बहुत ही सराहनीय है। देश में दिल्ली का महत्व है। उम्मीद है कि रेखा जी दिल्ली में विकास के स्वर्णिम युग की शुरुआत करेंगी।”
बिहार के श्रम संसाधन मंत्री संतोष सिंह ने कहा, “भाजपा महिलाओं का सम्मान करने वाली पार्टी है और मुख्यमंत्री आदरणीय नीतीश कुमार ने बिहार निगम में 50 प्रतिशत और नौकरी में 35 प्रतिशत महिलाओं को मौका दिया। भाजपा और एनडीए में महिलाओं का भी सम्मान होता है, दूसरी किसी पार्टी में नहीं है।”
भारतीय जनता पार्टी की नेता रेखा गुप्ता ने गुरुवार को रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। इसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!
आज रामलीला मैदान में एक भव्य समारोह में दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं। उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सबसे पहले मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को शपथ दिलवाई इसके बाद प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, कपिल मिश्रा, पंकज कुमार सिंह और अंत में रविंदर इंद्राज सिंह ने शपथ ली।
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर कहा, “प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र को अपनाते हुए, हम दिल्ली को आधुनिक बुनियादी ढांचे, उत्तम स्वास्थ्य सेवाओं, उत्कृष्ट शिक्षा और रोजगार के नए अवसरों के माध्यम से सशक्त बनाएंगे। आप सभी का आशीर्वाद और सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। हम सभी मिलकर एक आत्मनिर्भर, विकसित और समृद्ध दिल्ली बनाएंगे!”




