नई दिल्ली : बुधवार, फरवरी 19, 2025/ केंद्रीय युवा मामले एवं खेल तथा श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस आज छत्रपति शिवाजी महाराज जयंती के अवसर पर महाराष्ट्र के पुणे में 20,000 एमवाई भारत युवा स्वयंसेवकों के साथ ‘जय शिवाजी जय भारत’ पदयात्रा करेंगे। महाराष्ट्र के उप-मुख्यमंत्री अजीत पवार, केंद्रीय युवा मामले एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे, केंद्रीय नागर विमानन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल सहित राज्य के अन्य मंत्री, सांसद, विधायक/विधान परिषद के सदस्य भी इस पदयात्रा में शामिल होंगे।
यह ऐतिहासिक आयोजन छत्रपति शिवाजी महाराज की स्थायी विरासत का सम्मान करेगा और उनके नेतृत्व, वीरता तथा साहस का जश्न मनाएगा, जो विकसित भारत को प्रेरित करता रहेगा।
यह पदयात्रा लगभग 4 किलोमीटर का मनोरम मार्ग तय करेगी, जो सीओईपी कॉलेज ग्राउंड से शुरू होकर फर्ग्यूसन कॉलेज पर समाप्त होगी। पहली बार इतने बड़े स्तर पर की जा रही यह पदयात्रा राज्य के सभी 36 जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी, जिसमें युवा, स्थानीय नेता और नागरिक एक साथ हिस्सा ले रहे हैं।
महाराष्ट्र के पुणे में ‘जय शिवाजी जय भारत’ पदयात्रा संविधान के 75 वर्ष पूरे होने तथा भारत की जीवंत सांस्कृतिक विविधता का जश्न मनाने के लिए आयोजित 24 पदयात्राओं की श्रृंखला में यह छठी पदयात्रा होगी। पूरे वर्ष देश भर में इसी तरह के आयोजन होंगे, जिससे देशभक्ति और भारत की समृद्ध विरासत से गहरे जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।
मंत्रालय पूरे भारत के युवाओं को एमवाई भारत पोर्टल ( www.mybharat.gov.in ) पर पंजीकरण करके भाग लेने और छत्रपति शिवाजी महाराज की विरासत और एकजुट तथा आत्मनिर्भर भारत हेतु उनके विजन का सम्मान करने के लिए इस गौरव मार्च में शामिल होने के लिए आमंत्रित करता है।