चुनाव आयुक्‍त ज्ञानेश कुमार होंगे देश के अगले मुख्य चुनाव आयुक्त

नई दिल्ली : मंगलवार, फरवरी 18, 2025/ चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को नया मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) नियुक्त किया गया है। निर्वाचन आयोग के मौजूदा प्रमुख राजीव कुमार का कार्यकाल आज समाप्त हो रहा है। सीईसी ज्ञानेश कुमार केरल कैडर के 1988 बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी हैं। वे संसदीय कार्य मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्यरत रह चुके हैं। कानून मंत्रालय ने इस संबंध में सोमवार देर रात अधिसूचना जारी की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और विपक्ष के नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने सोमवार शाम को दिल्ली में बैठक की, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार के उत्तराधिकारी के तौर पर ज्ञानेश कुमार को भारत का नया मुख्य चुनाव आयुक्त चुना गया।

वहीं, हरियाणा के मुख्य सचिव विवेक जोशी को ज्ञानेश कुमार की पदोन्नति के बाद चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया। ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त के रूप में नियुक्त किए गए सुखबीर सिंह संधू अपने पद पर बने रहेंगे।

डॉ. विवेक जोशी को नया चुनाव आयुक्त नियुक्त किया गया है। वे हरियाणा कैडर के 1989 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दोनों आयुक्तों की नियुक्ति की है।

ज्ञानेश कुमार 1988 केरल कैडर के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं। इससे पहले वह संसदीय कार्य मंत्रालय और सहकारिता मंत्रालय में सचिव के पद पर कार्य कर चुके हैं। गृह मंत्रालय में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की स्थापना में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

जम्मू-कश्मीर मामलों को संभालने में ज्ञानेश कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जब 2019 में अनुच्छेद 370 को अप्रभावी घोषित किया गया था, तब वह गृह मंत्रालय में जम्मू-कश्मीर डेस्क के प्रभारी थे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal