नई दिल्ली : रविवार, फरवरी 16, 2025/ नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कल शाम भगदड़ में 15 लोगों की मृत्यु हो गई और कई घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया है कि प्रयागराज जाने के लिए रेलगाडियों में सवार होने के लिए प्रतीक्षारत यात्रियों की भारी भीड़ के कारण यह भगदड़ हुई। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई घटना के बाद प्रभावितों के लिए मुआवजे का ऐलान कर दिया गया है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपये, वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायल यात्रियों को एक लाख रुपये का मुआवजा देने का ऐलान किया है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ पर दुख व्यक्त किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने कहा है कि उन्हें भगदड़ में कई लोगों मारे जाने पर बहुत दुख हुआ है। उन्होंने इस घटना में मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर भगदड़ के कारण हुई लोगों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की। एक्स पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री ने कहा; “नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ से व्यथित हूं। मेरी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। अधिकारीगण इस भगदड़ से प्रभावित हुए सभी लोगों की सहायता कर रहे हैं।”
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि रेलवे स्टेशन पर स्थिति अब नियंत्रण में है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज में महाकुम्भ में जाने वाले यात्रियों के लिए चार विशेष रेलगाडियां तत्काल चलाई गई हैं। भगदड़ में मारे गए लोगों के प्रति दुख व्यक्त करते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि रेलवे तंत्र घटना से प्रभावित लोगों के लिए लगातार काम कर रहा है।
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि उन्होंने इस घटना को लेकर रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव, दिल्ली के उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना और अन्य संबंधित अधिकारियों से बात की है। उन्होंने कहा है कि सभी लोगों को हर संभव मदद करने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भी भगदड़ में मारे गए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना पर बहुत दुख हुआ है और वे घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं। उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना घायलों के उपचार की समीक्षा के लिए अस्पताल गए।
रेलवे के अनुसार, स्थिति अब पूरी तरह से नियंत्रण में है और भीड़ कम हो गई है। रेलवे पुलिस और दिल्ली पुलिस घटनास्थल पर मौजूद हैं और घायलों को शीघ्र इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। रेलवे ने इस अप्रत्याशित भीड़ को संभालने के लिए चार विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है, जिससे यात्रियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य तक पहुंचाने की प्रक्रिया जारी है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर उस समय हुई, जब अचानक अफवाह फैल गई की प्रयागराज जाने वाली दो ट्रेन रद्द हो गई है। बताया जा रहा है कि प्लेटफार्म नंबर 14 और 15, जो एक साथ हैं, के बीच अचानक भारी भीड़ पहुंच गई। इसी बीच दो ट्रेन कैंसिल होने की अफवाह लोगों में तेजी से फैल गई और परिणाम स्वरूप ये घटना घटी।