प्रयागराज में महाकुंभ में आकर धन्य हुआ : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

नई दिल्ली : बुधवार, फरवरी 5, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज प्रयागराज में महाकुंभ का दौरा किया और संगम में पवित्र डुबकी लगाई। एक्स पर अलग-अलग पोस्ट में उन्होंने लिखा “प्रयागराज में महाकुंभ में आकर धन्य हुआ। संगम पर स्नान दिव्य जुड़ाव का क्षण है और इसमें भाग लेने वाले करोड़ों अन्य लोगों की तरह, मैं भी भक्ति की भावना से भर गया। माँ गंगा सभी को शांति, ज्ञान, अच्छे स्वास्थ्य और सद्भाव का आशीर्वाद दें।” “प्रयागराज महाकुंभ में आज पवित्र संगम में स्नान के बाद पूजा-अर्चना का परम सौभाग्य मिला। मां गंगा का आशीर्वाद पाकर मन को असीम शांति और संतोष मिला है। उनसे समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, आरोग्य और कल्याण की कामना की। हर-हर गंगे!” “प्रयागराज के दिव्य-भव्य महाकुंभ में आस्था, भक्ति और अध्यात्म का संगम हर किसी को अभिभूत कर रहा है।

महाकुंभ स्नान के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भगवा वस्त्र पहने हुए दिखाई दिए। गंगा में पवित्र डूबकी लगाने के बाद उन्होंने भगवान भास्कर को अर्घ्य भी दिया। तकरीबन 5 मिनट तक पीएम मोदी ने मंत्र का जाप करते हुए सूर्य पूजा की। इस दौरान सुरक्षाकर्मी उन्हें घेरे रहे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संगम तक बोट में बैठकर पहुंचे, उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी थे। दोनों एक-दूसरे के सामने बैठे दिखे। दोनों नेता मोटर बोट में बातचीत करते हुए संगम तक पहुंचे।

वहीं,प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे के दौरान श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो, इसका खास ख्याल रखा गया। बमरौली एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर से अरैल पहुंचे। वहां से बोट से मेला क्षेत्र गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दौरे को देखते हुए मेले की सुरक्षा बढ़ा दी गई।

इससे पहले जब प्रयागराज पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने किया। संगम क्षेत्र में पैरामिलिट्री फोर्स भी तैनात की गई है। मेलाधिकारी विजय किरण आनंद ने बताया कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी हैं। मजिस्ट्रेट एवं भारी संख्या में पुलिस बल लगाया गया है।

महाकुंभ शुरू होने के बाद पीएम मोदी का यह पहला प्रयागराज दौरा है। उनके दौरे को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 दिसंबर 2024 को प्रयागराज का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने 5,500 करोड़ रुपये की 167 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया था। प्रधानमंत्री मोदी ने 2019 के कुंभ में गंगा स्नान कर सफाईकर्मियों के पांव पखारे थे।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी आज सुबह महाकुंभ में पवित्र डुबकी लगाई। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में रिजिजू ने कहा कि महाकुंभ 144 साल में एक बार आता है और किसी को भी ऐसे ऐतिहासिक धार्मिक क्षण पर राजनीति नहीं करनी चाहिए। उन्‍होंने सभी श्रृद्धालुओं से मेला प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया क्योंकि इसमें आने वालों की कुल संख्या अभूतपूर्व और अकल्पनीय है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal