प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बार्ट डी वेवर को बेल्जियम का प्रधानमंत्री बनने पर दी बधाई

नई दिल्ली : मंगलवार, फरवरी 4, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बार्ट डी वेवर को बेल्जियम के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-बेल्जियम संबंधों को और मजबूत बनाने तथा वैश्विक मामलों पर आपसी सहयोग बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने का विश्वास व्यक्त किया।

एक्स पर एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने लिखा: “प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर को पदभार ग्रहण करने पर हार्दिक बधाई। मैं भारत-बेल्जियम संबंधों को और मजबूत करने तथा वैश्विक मामलों पर हमारे सहयोग को बढ़ाने के लिए मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूं। मैं आपके सफल कार्यकाल की कामना करता हूं।”

बेल्जियम में महीनों से चल रहे राजनीतिक गतिरोध के बाद सोमवार को नई सरकार ने शपथ ली। ब्रसेल्स के रॉयल पैलेस में हुए शपथ ग्रहण समारोह में बेल्जियम के राजा फिलिप के सामने प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर और उनकी कैबिनेट के 14 मंत्रियों ने शपथ ली।

बार्ट डी वेवर फ्लेमिश राष्ट्रवादी पार्टी न्यू फ्लेमिश एलायंस (एन-वीए) के नेता हैं। यह पहली बार है जब एक फ्लेमिश राष्ट्रवादी संघीय सरकार का नेतृत्व कर रहा है। यह नई सरकार “एरिजोना गठबंधन” के नाम से जानी जाती है, जिसमें 5 प्रमुख राजनीतिक दल शामिल हैं। ये एन-वीए, फ्लेमिश क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स, समाजवादी वूरूइट, फ्रेंच-भाषी सुधारवादी आंदोलन (एमआर) और मध्यमार्गी लेस एंगेज हैं। इन दलों ने बजट कटौती, कर वृद्धि और पेंशन सुधारों पर महीनों की कठिन बातचीत के बाद एक समझौता किया, जिसका उद्देश्य बेल्जियम की सार्वजनिक वित्तीय स्थिति को स्थिर करना है।

पिछले साल जुलाई में राजा फिलिप ने बार्ट डी वेवर को संघीय सरकार बनाने का जिम्मा सौंपा था। उन्होंने गठबंधन बनाने के लिए कई राजनीतिक दलों से बातचीत की, जिसमें फ्रेंच-भाषी मूवमेंट रिफॉर्मेटर (एमआर) और लेस एंगेज, डच-भाषी क्रिश्चियन डेमोक्रेट्स (सीडी एंड वी) और समाजवादी वूरूइट शामिल थे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal