नई दिल्ली : गुरूवार, अक्टूबर 31, 2024/ उत्तर प्रदेश सरकार ने दीपोत्सव पर राम की पैड़ी समेत अयोध्या के 55 घाटों पर 25 लाख 12 हजार से अधिक दीये जलाकर सातवां गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। इस वर्ष एक और विश्व रिकार्ड बना, जिसमें 1,121 बटुकों ने सरयू के घाटों पर एक साथ सबसे बड़ी आरती की। केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कई अन्य कैबिनेट मंत्री और बड़ी संख्या में संतों ने इस कार्यक्रम में शिरकत की। योगी ने कहा कि दीपोत्सव न केवल अयोध्या और उत्तर प्रदेश के लिए एक बड़ा आयोजन बन गया है, बल्कि देश और दुनिया के लिए भी एक अनूठा आयोजन बन गया है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर उद्घाटन के बाद अयोध्या में यह पहला दीपोत्सव है, जो हम सभी के लिए गौरव का क्षण है।
आपको बता दें पिछले साल के दीपोत्सव में 22 लाख 23 हजार दीपक जलाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया गया था। इस बार अवध विश्व विद्यालय सहित अन्य कॉलेजों के 30 हजार छात्र कड़ी मेहनत कर एक-एक दीयों को सजा रहे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा था कि इस वर्ष की दिवाली ऐतिहासिक होगी, क्योंकि हजारों दीप अयोध्या में रामलला की जन्मभूमि पर बनने वाले मंदिर को रोशन करेंगे, जो 500 साल के इंतजार के बाद त्योहार का प्रतीक है।




