नई दिल्ली : सोमवार, सितम्बर 22, 2025/ शारदीय नवरात्र आज से आरंभ हो गए हैं। नौ दिन के इस अनुष्ठान में शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा के विभिन्न रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्र के प्रथम दिन आज देवी के शैलपुत्री स्वरूप की आराधना की जा रही है। नौ दिनों तक चलने वाला नवरात्रि त्योहार आज से शुरू हो गया है। संस्कृत में नवरात्रि का मतलब होता है नौ रातें। यह पर्व माँ दुर्गा और उनके नौ अवतारों की पूजा अर्चना को समर्पित है। नौ अवतारों को नवदुर्गा के नाम से भी जाना जाता है। हिंदू साल में चार नवरात्रियाँ मनाते हैं, लेकिन उनमें से दो शारदीय नवरात्रि और चैत्र नवरात्रि सबसे ज्यादा मनाई जाती है। क्योंकि ये मौसम परिवर्तन को दर्शाती है। भारत में नवरात्रि विभिन्न रूपों और परंपराओं के साथ मनाया जाता है। यह पर्व दशहरा पर समाप्त होगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि के पावन अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दी हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस बार नवरात्रि का पावन अवसर बहुत विशेष है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, जीएसटी बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को भी इस दौरान नई ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए हम सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आता है। जय माता दी!
प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्रियों ने भी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा का आशीर्वाद हमारे जीवन में शक्ति, साधना और समृद्धि का संचार करे। उनकी कृपा से भारत आत्मनिर्भरता, प्रगति और खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छूते हुए विश्व में शांति और कल्याण का मार्गदर्शक बने।”
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सर्व मंगल मांगल्ये, शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरी, नारायणी नमोस्तुते। समस्त देशवासियों को नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।”
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “मां का आगमन। शारदीय नवरात्रि हर वर्ष अपने साथ अनंत खुशियों का भंडार लेकर आती है और श्रद्धालुओं के दुखों को मिटाकर जीवन में नवीन ऊर्जा और प्रकाश फैलाती है। ऐसे पावन पर्व पर मां दुर्गा में श्रद्धा रखने वाले सभी सनातन प्रेमियों को जय माता दी।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को मां भगवती जगदम्बा की आराधना व उपासना के पावन पर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मां सभी के जीवन को सुख, स्वास्थ्य और सौभाग्य के आशीर्वाद से अभिसिंचित करें, यही प्रार्थना है।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को शक्ति की उपासना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की मंगलकामनाएं दीं है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नवरात्रि के प्रथम दिवस पर मां शैलपुत्री के चरणों में वंदन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवी मां दुर्गा से सभी भक्तों के कष्ट दूर कर उनके घर-आंगन में समृद्धि लाने और निरोगी बनाए रखने के लिए प्रार्थना की है।




