कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में आज अरबैल घाट के पास सड़क दुर्घटना में 10 लोगों की मौत, कई घायल

नई दिल्ली : बुधवार, जनवरी 22, 2025/ कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में आज अरबैल घाट के पास एक वाहन के पलट जाने से 10 लोगों की मौत हो गई और 16 घायल हो गए। सब्जियों और फलों से भरा ट्रक सड़क किनारे खाई में गिर गया, जिससे नौ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक की अस्पताल में मौत हो गई। सभी मृतक सावनूर के थे। घायलों को हुबली के कर्नाटक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के कार्यालय ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की दुर्भाग्यपूर्ण मृत्यु से दुखी हूं। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।”

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ में हुई बस दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने दुर्घटना में मारे गए लोगों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50,000 रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के हैंडल से ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा गया: “कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में हुई दुर्घटना में लोगों की मृत्यु से बहुत दुख हुआ। अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति संवेदना। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की सहायता कर रहा है। मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि दी जाएगी। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे।

गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस हादसे पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, ”उत्तर कन्नड़ के यालापुरा में हुए सड़क दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें बहुमूल्य जिंदगियां खत्म हो गईं। उन परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना करता हूं।”