उन्नत ग्राम अभियान के तहत केकड़िया गांव में हुआ स्वास्थ्य सेवा शिविर

भोपाल : गुरूवार, जनवरी 9, 2025/ कलेक्टर भोपाल कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने आज ग्राम पंचायत केकड़िया में आयोजित शिविर का अवलोकन कर हितग्राहियों से चर्चा की एवं शासन की जनकल्याणकारी सेवाओं का फीडबैक लिया।

इस दौरान कलेक्टर सिंह द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया को समझा गया और स्वयं एक हितग्राही का आयुष्मान कार्ड जनरेट किया गया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय भोपाल द्वारा 9 जनवरी को भोपाल जिले के जनजातीय आबादी बाहुल्य ग्राम केकड़िया में विशेष शिविर लगाया गया। प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान के तहत आयोजित शिविर में सिकल सेल एनीमिया स्क्रीनिंग, स्वास्थ्य परीक्षण सहित बड़ी संख्या में आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में गांव के बच्चों ने बेहद उत्साह पूर्वक अपने परिजनों को बुलाकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान गांव में कुछ लोगों के पास आधार कार्ड नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर सिंह ने जल्द ही आधार कार्ड बनाने हेतु गांव में शिविर लगाने के निर्देश दिए। केकड़िया गांव के सरपंच और विद्यालयीन स्टाफ द्वारा शिविर आयोजन और जन सूचना में सहयोग दिया गया। 3186 आबादी के इस गांव में 50 प्रतिशत से अधिक जनजातीय आबादी रहती है। शिविर में समग्र स्वास्थ्य सेवाओं की प्रदायगी के साथ विशेष रूप पात्र हितग्राहियों के शत प्रतिशत आयुष्मान कार्ड बनाए गए। शिविर में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम द्वारा 43 बच्चों की जांच की गई। जिसमें जन्मजात विकृति, पौष्टिकता की अल्पता, बाल अवस्था की बीमारियों, विकासात्मक देरी का आंकलन किया गया। 12 बच्चों में सिकल सेल एनीमिया की जांच की गई, जो कि नेगेटिव पाई गई। विभागीय योजनाओं से कोई भी पात्र हितग्राही वंचित न रहे, इसके लिए शिविर में पास की स्वास्थ्य संस्थाओं से बड़ी संख्या में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, डाटा एंट्री ऑपरेटर, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर, सुपरवाइजर की ड्यूटी लगाई गई ।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भोपाल डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान जनजातीय समाज के सामाजिक आर्थिक स्थिति के उन्नयन हेतु चलाया जा रहा है, जिसमें जनजातीय हितग्राहियों को शत-प्रतिशत सैचुरेशन कवरेज के माध्यम से उन्नयन की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत ऐसे गांव को शामिल किया गया है जिनमें न्यूनतम 50% जनजाति जनसंख्या हो। फंदा विकासखंड अंतर्गत गांव केकड़िया भोपाल का अकेला जनजातीय ग्राम है। शिविर में जिला कार्यक्रम प्रबंधक अनीता दुगाया, जिला मूल्यांकन एवं अनुश्रवण अधिकारी शिल्पा यादव , ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर गोपेंद्र कुलसंगे, ब्लॉक कम्युनिटी मोबिलाइजर रेवाशंकर अहिरवार सहित शिक्षा, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal