भोपाल : सोमवार, जनवरी 6, 2025/ जिला रोजगार अधिकारी भोपाल ने बताया कि 13 जनवरी सोमवार को प्रात: 10 बजे से मॉडल आईटीआई केम्पस गोविंदपुरा भोपाल में भव्य युवा संगम रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। जिसमें 25 मल्टीनेशनल कंपनियां एवं 10 स्वरोजगार से संबंधित संस्थायें सम्मिलित होगी।
मध्यप्रदेश के सभी बेरोजगार आवेदक – आवेदिकाओं से अपील है कि अपने समस्त मूल प्रमाण पत्रों एवं अपना बायोडाटा सहित साक्षात्कार के लिए 13 जनवरी 2025 को प्रात: 10 बजे उपस्थित होकर इस युवा संगम रोजगार मेले का सुनहरा रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर का लाभ प्राप्त कर सकते है। भर्ती कंपनियों द्वारा अपनी शर्तों पर की जाएगी। साक्षात्कार के समय कंपनी से समस्त जानकारी स्वंय प्राप्त करें। युवा संगम रोजगार मेले की अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष क्रमांक – 0755-2661344 पर प्राप्त कर सकते है।
संभागायुक्त संजीव सिंह ने निर्देश दिए कि 26 जनवरी गणतंत्र दिवस समारोह के लिए सभी विभागों को सौंपे गए कार्य समय से पूर्ण करें। इस संबंध में सोमवार को संभागायुक्त सिंह ने कमिश्नर कार्यालय के सभाकक्ष में गणतंत्र दिवस समारोह की व्यवस्थाओं के संबंध में बैठक आयोजित की। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के लिए सभी विभाग उन्हें सौंपे गये कार्य समय से पूर्ण कर लें ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार के परिवर्तन अथवा संशोधन की आवश्यकता शेष नहीं रहे।
बैठक में उन्होंने कहा कि मुख्य समारोह के लिए बैठक व्यवस्था, पानी आदि सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह, सेनानी 25वी वाहिनी कमांडेट राजेश सिंह चंदेल, उपायुक्त राजस्व किरण गुप्ता, संयुक्त उपायुक्त विकास विनोद यादव सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
संभागायुक्त सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस पूरी गरिमा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले अतिथियों आदि की बैठक व्यवस्था बेहतर रखी जाये, ताकि किसी को भी असुविधा न हो। इस दौरान नगर निगम और लोक निर्माण विभाग को आपसी समन्वय कर बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में राजस्व, लोक निर्माण, जनसम्पर्क, नगर निगम, वि.स.बल एवं पुलिस, विद्युत आदि विभागों के अधिकारी मौजूद थे।




