बुंदेलखंड का जीवन बदलने वाली परियोजना की सौगात लेकर आ रहे प्रधानमंत्री – विष्णुदत्त शर्मा

भोपाल : मंगलवार, दिसम्बर 24, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंगलवार को खजुराहो में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 दिसंबर को खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना की आधारशिला रखने के लिए पधार रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म शताब्दी वर्ष पर उनके सपने को साकार करने के लिए खजुराहो में केन-बेतवा लिंक परियोजना की आधारशिला रखेंगे। प्रधानमंत्री के खजुराहो आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता में अपार उत्साह है। सभी पार्टी कार्यकर्ता व जनता प्रधानमंत्री का ऐतिहासिक स्वागत करने के लिए आतुर है, क्योंकि प्रधानमंत्री समूचे बुंदेलखंड का जीवन बदलने वाली केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात लेकर आ रहे हैं। देश की पहली नदी जोड़ो परियोजना से बुंदेलखंड में खुशहाली आएगी, जिससे लोगों को रोजगार मिलेगा व पलायन रूकेगा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद शर्मा और प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने मंगलवार को प्रधानमंत्री के स्वागत की तैयारी के लिए झंडे लगाकर कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी.आर. पाटिल के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा संचालित राष्ट्रीय जल मिशन के अंतर्गत खजुराहो के पहल वाटिका में जल संरक्षण को लेकर विभिन्न कार्यों का भूमि-पूजन किया।

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने खजुराहो में आयोजन स्थल का निरीक्षण किया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद ने प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ झंडे लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया और कहा कि बुंदेलखंड की पावन धरा से नदी जोड़ो परियोजना का शुभारंभ हो रहा है। यह हम सभी भाजपा कार्यकर्ताओं, बुंदेलखंड की समूची जनता के लिए बड़े गर्व की बात है।

इस दौरान प्रदेश शासन के मंत्री दिलीप अहिरवार, प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी मुकेश सिंह चतुर्वेदी, जिला अध्यक्ष चन्द्रभान सिंह गौतम, विधायक अरविन्द पटेरिया सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal