नई दिल्ली : सोमवार, फरवरी 23, 2026/ केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण- सीसीपीए ने सिविल सेवा परीक्षा- सीएसई 2023 से संबंधित भ्रामक विज्ञापन जारी करने के लिए वजिराव एंड रेड्डी इंस्टीट्यूट पर 15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। प्राधिकरण ने कहा कि संस्थान ने जानबूझकर अपने विज्ञापनों में महत्वपूर्ण जानकारी, विशेष रूप से सफल उम्मीदवारों द्वारा चुने गए विशिष्ट पाठ्यक्रमों की जानकारी छिपाई थी।
परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद संस्थान ने यूपीएससी सीएसई 2023 के सफल उम्मीदवारों की तस्वीरें अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित कीं। सीसीपीए ने कहा कि इन प्रस्तुतियों से उपभोक्ताओं के बीच यह गलत धारणा बनी कि सभी सफल उम्मीदवारों ने संस्थान के पाठ्यक्रमों में दाखिला लिया था।
संस्थान ने 16 अप्रैल, 2024 को परिणाम घोषित होने के तुरंत बाद, यूपीएससी सीएसई 2023 के सफल उम्मीदवारों के नाम और तस्वीरों के साथ निम्नलिखित दावे अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर प्रकाशित किए वाजिराव एंड रेड्डी इंस्टीट्यूट से यूपीएससी सीएसई 2023 की 1016 रिक्तियों में से 645 से अधिक उम्मीदवारों का चयन हुआ है। ऑल इंडिया रैंक के टॉप 10 में छठा स्थान, शीर्ष 50 ऑल इंडिया रैंक में 35वें स्थान पर, ऑल इंडिया रैंक की टॉप 100 रैंकिंग में 64वां स्थान।
केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण ने गौर किया कि संस्थान ने उपरोक्त दावों को प्रकाशित करते हुए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर विभिन्न पाठ्यक्रमों का विज्ञापन भी किया, जिनमें शामिल हैं: जीएस/पूर्ण पाठ्यक्रम/फाउंडेशन पाठ्यक्रम, प्री-फाउंडेशन पाठ्यक्रम, सप्ताहांत पाठ्यक्रम, वैकल्पिक विषय पाठ्यक्रम और जीएस प्री-कम-मेन्स पाठ्यक्रम।
इन प्रस्तुतियों ने उपभोक्ताओं के बीच एक भ्रामक धारणा पैदा कर दी कि सभी सफल उम्मीदवारों ने संस्थान द्वारा विज्ञापित इन नियमित पाठ्यक्रमों में दाखिला ले लिया था। महत्वपूर्ण जानकारी को छिपाना उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है – विज्ञापन में “महत्वपूर्ण जानकारी” क्या होती है, यह हर मामले में अलग-अलग होता है और इसका आकलन उपभोक्ता के दृष्टिकोण से किया जाना चाहिए। इस मामले में, सफल उम्मीदवार द्वारा चुना गया विशिष्ट पाठ्यक्रम उपभोक्ता यानी यूपीएससी परीक्षार्थी के लिए महत्वपूर्ण जानकारी है। ऐसा इसलिए है क्योंकि ऐसी जानकारी संस्थान द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की प्रभावशीलता, दायरे और गुणवत्ता के बारे में संभावित उम्मीदवारों की धारणा को सीधे प्रभावित करती है। ऐसी जानकारी को छिपाने से यह गलत धारणा बनती है कि सफल उम्मीदवारों को संस्थान द्वारा परीक्षा के सभी चरणों, जिनमें प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार चरण शामिल हैं, में प्रशिक्षित किया गया था, जो तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हो सकता है।
जानबूझकर जानकारी छिपाने से उपभोक्ताओं को यह तय करने में कठिनाई होती है कि वे सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के किस चरण में किस पाठ्यक्रम में दाखिला लें। सफल उम्मीदवारों द्वारा चुने गए विशिष्ट पाठ्यक्रमों के बारे में सही और स्पष्ट जानकारी देने से उम्मीदवारों को शैक्षणिक निर्णय लेने में सहायता मिलेगी। ऐसी महत्वपूर्ण जानकारी को छुपाना छिपाव के समान है और उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 की धारा 2(9) के अंतर्गत उपभोक्ता अधिकारों का उल्लंघन है।




