नई दिल्ली : गुरुवार, नवम्बर 27, 2025/ जापान की राजधानी टोक्यो में 15 से 26 नवंबर तक आयोजित 25वें समर डेफलिंपिक्स 2025 में भारतीय खिलाड़ियों ने अब तक का अपना सबसे शानदार और ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में भारत ने कुल 20 पदक जीते, जिनमें 9 स्वर्ण, 6 रजत और 5 कांस्य पदक शामिल हैं। यह भारत की डेफलिंपिक्स इतिहास की सबसे बड़ी मेडल टैली है, जिस पर पूरे देश को गर्व है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने टोक्यो में आयोजित 25वें ग्रीष्मकालीन डेफलंपिक्स 2025 में भारत के डेफलिंपियनों के असाधारण प्रदर्शन के लिए आज उन्हें हार्दिक बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 9 स्वर्ण पदकों सहित 20 पदकों की ऐतिहासिक सर्वश्रेष्ठ पदक तालिका के साथ, हमारे एथलीटों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और समर्पण से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रधानमंत्री ने प्रत्येक एथलीट, कोच और सहयोगी स्टाफ को उनके अथक प्रयासों और प्रतिबद्धता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पूरे देश को उनकी उपलब्धियों पर गर्व है, जिन्होंने वैश्विक मंच पर भारत को गौरवान्वित किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में लिखा टोक्यो में 25वें ग्रीष्मकालीन डेफलिंपिक्स 2025 में अपने असाधारण प्रदर्शन के लिए हमारे डेफलिंपियनों को हार्दिक बधाई। 9 स्वर्ण पदकों सहित 20 पदकों की ऐतिहासिक सर्वश्रेष्ठ पदक तालिका के साथ, हमारे एथलीटों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प और समर्पण से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रत्येक एथलीट, कोच और सहयोगी स्टाफ को बधाई। पूरे देश को आप सभी पर गर्व है!
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने टोक्यो में 25वें समर डेफलिम्पिक्स 2025 में भारतीय टीम को 20 पदक जीतने की शानदार उपलब्धि पर बधाई दी है। भारतीय टीम द्वारा जीते गए 20 पदकों में 9 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। एक्स पर एक पोस्ट में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “हमारे डेफलिम्पियंस द्वारा खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन। टोक्यो में 25वें समर डेफलिम्पिक्स 2025 में भारतीय टीम को 20 पदक जीतने की शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई, जिसमें 9 स्वर्ण, 7 रजत और 4 कांस्य शामिल हैं। आपकी अभूतपूर्व सफलता हमारे खिलाड़ियों में उत्साह की नई ऊर्जा जगाती है। आपके भविष्य के प्रयासों के लिए मेरी शुभकामनाएं।”




