भारत को मिली कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी

नई दिल्ली : बुधवार, नवम्बर 26, 2025/ भारत को 2030 के राष्‍ट्रमंडल खेलों की मेजबानी के तौर पर कन्फर्म किया गया है। ग्‍लासगो में राष्‍ट्रमंडल खेल आमसभा में आज भारत के नाम पर मुहर लगी। 2030 के राष्‍ट्रमंडल खेल भारत के अहमदाबाद शहर में आयोजित किए जाएंगे। अहमदाबाद के अलावा नाइजीरिया का अबुजा शहर मेजबानी की दौड़ में शामिल था, लेकिन भारत बाजी मारने में सफल रहा। राष्ट्रमंडल खेल महासभा में 74 राष्ट्रमंडल सदस्य देशों और क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भारत की 2030 की दावेदारी का अनुमोदन किया। भारत दूसरी बार राष्‍ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। इससे पहले नई दिल्‍ली में 2010 में इन खेलो का आयोजन किया था। ये राष्‍ट्रमंडल खेलों का शताब्‍दी वर्ष होगा।

कॉमवेल्थ गेम्स 2030 की बोली में भारत का मुकाबला अबुजा (नाइजीरिया) से था, लेकिन कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने अफ्रीकी देश को 2034 एड‍िशन के लिए विचार में रखने का फैसला किया। कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के अध्यक्ष डॉ. डोनाल्ड रुकारे ने कहा, “यह कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के लिए एक नए स्वर्णिम युग की शुरुआत है। ‘गेम्स रीसेट’ के बाद हम ग्लासगो 2026 की ओर शानदार तैयारी के साथ बढ़ रहे हैं, जहां हम कॉमनवेल्थ की 74 टीमों का स्वागत करेंगे। इसके बाद अहमदाबाद 2030 पर हमारी नजरें होंगी, जो कॉमनवेल्थ गेम्स के विशेष शताब्दी संस्करण की मेजबानी करेगा।”

उन्होंने कहा, “भारत पैमाना, युवा ऊर्जा, महत्वाकांक्षा, समृद्ध संस्कृति, अपार खेल जुनून और प्रासंगिकता लाता है। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि 2034 गेम्स और उससे आगे की मेजबानी को लेकर कई देशों की रुचि है।” भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की अध्यक्ष पीटी उषा ने कहा, “कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने जो भरोसा दिखाया है, उससे हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। 2030 के खेल न सिर्फ कॉमनवेल्थ आंदोलन के 100 वर्षों का जश्न मनाएंगे, बल्कि अगली शताब्दी की नींव भी रखेंगे। ये खेल कॉमनवेल्थ के देशों के खिलाड़ियों, समुदायों और संस्कृतियों को मित्रता और प्रगति की भावना के साथ एकजुट करेंगे।”

कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने भारत को दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बताते हुए कहा है कि यहां खेलों का इतिहास काफी समृद्ध रहा है। हालिया कॉमनवेल्थ गेम्स में भारत ने शानदार प्रदर्शन किया है। अहमदाबाद की बोली भारत की प्रतिबद्धता और आधुनिक खेलों के विशाल स्वरूप को दर्शाती है। अहमदाबाद को 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का मेजबान घोषित किए जाने के कुछ ही पल बाद, 20 गरबा डांसर और 30 भारतीय ढोल बजाने वाले जनरल असेंबली हॉल में आए और डेलीगेट्स को एक शानदार कल्चरल परफॉर्मेंस के साथ मंत्रमुग्ध कर दिया। पिछली बार भारत की राजधानी नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स का आयोजन हुआ था। उस समय से अब तक भारत में स्पोर्ट्स इंफ्रा का तेजी से विकास हुआ है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत के शताब्दी राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेजबानी की बोली जीतने पर खुशी जताई है। प्रधानमंत्री ने इस बात पर ज़ोर दिया कि यह उपलब्धि भारत की सामूहिक प्रतिबद्धता और खेल भावना को प्रतिबिंबित करती है, जिसने भारत को वैश्विक खेल मानचित्र में सुदृढ़ स्थान दिलाया है।

एक्स पर एक पोस्ट में, प्रधानमंत्री मोदी ने लिखा बहुत खुशी है कि भारत ने शताब्दी राष्ट्रमंडल खेल 2030 की मेज़बानी के लिए बोली जीत ली है! भारत के लोगों और खेल इकोसिस्टम को बधाई। यह हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता और खेल भावना है, जिससे भारत को वैश्विक खेल मानचित्र में सुदृढ़ स्थान मिला है। वसुधैव कुटुम्बकम की सोच के साथ, हम इन ऐतिहासिक खेलों को बड़े उत्साह के साथ मनाने के प्रति उत्सुक हैं। हम दुनिया का स्वागत करने के प्रति भी उत्सुक हैं!

केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 2030 में अहमदाबाद में होने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी के लिए भारत की दावेदारी की जीत पर सभी नागरिकों को बधाई दी। एक्स प्लेटफॉर्म पर एक पोस्ट में अमित शाह ने कहा कि 2030 में अहमदाबाद में होने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रमंडल खेलों की मेज़बानी के लिए भारत की दावेदारी की जीत पर सभी नागरिकों को बधाई। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भारत को ग्लोबल स्पोर्ट्स हॉटस्पॉट बनाने के विज़न का प्रमाण है। शाह ने कहा कि एक दशक से ज़्यादा की तपस्या के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर बनाया है और प्रभावी प्रशासन और सीमलैस टीमवर्क से हमारे देश की क्षमता को बढ़ाया है।

खेल और युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडवयिा ने सौवें राष्‍ट्रमंडल खेलों की मेजबानी भारत को मिलने पर प्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की। उन्‍होंने कहा कि यह भारत के लिए बहुत गर्व की बात है।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal