मुंबई : शुक्रवार, अक्टूबर 31, 2025/ आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में भारत ने कल रात नवी मुंबई स्थित डॉ. डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में खेले गए रोमांचक सेमीफाइनल मैच में ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने 5 विकेट और 9 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। जेमिमा रोड्रिग्स की 134 गेंदों पर नाबाद 127 रनों की शानदार पारी और कप्तान हरमनप्रीत कौर की 88 गेंदों पर 89 रनों की पारी की बदौलत भारत ने ऑस्ट्रेलिया द्वारा बनाए गए स्कोर को हासिल कर लिया। भारत के लिए श्री चरणी और दीप्ति शर्मा ने 2-2 विकेट लिए।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए ऑस्ट्रेलिया की टीम 49.5 ओवर में 338 रन पर आउट हो गई। ऑस्ट्रेलिया के लिए फोएबे लिचफील्ड ने 119 रन बनाए। किम गार्थ और एनाबेल सदरलैंड ने 2-2 विकेट लिए। जेमिमा रोड्रिग्स को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। अब भारत रविवार को नवी मुंबई स्थित डॉ. डी.वाई. पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में दक्षिण अफ्रीका से भिड़ेगा। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका ने गुवाहाटी में पहले सेमीफाइनल में इंग्लैंड को 125 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
बॉलीवुड के वरिष्ठ एक्टर मनोज वाजपेयी ने सोशल मीडिया पर भारतीय महिला टीम को बधाई दी है। उन्होंने कैप्शन में लिखा, “कमाल कर दिया…फ़ाइनल में! हमारी ‘वूमेन इन ब्लू’ की दृढ़ता और उत्कृष्टता को सलाम। 339 रनों का पीछा करते हुए, हमारी टीम ने महिला वनडे इतिहास का सर्वोच्च स्कोर हासिल किया है। एक ऐसा पल जिसने खेल को ऊपर उठाया और महिला क्रिकेट को बड़े पैमाने पर आगे बढ़ाया।”
जबकि सुनील शेट्टी ने जेमिमा रोड्रिगेज की फोटो शेयर कर लिखा, “339 रन…कमाल कर दिया…जेमिमा के प्रदर्शन और टीम इंडिया की मेहनत ने दिल जीत लिया। बॉलीवुड सिंगर पलक मुच्छल ने पूरी भारतीय महिला टीम की खुश होते हुए फोटो पोस्ट की है और लिखा है, “ओह माय गॉड…क्या गेम था।” सिंगर के कैप्शन से साफ है कि वे अभी तक खुशी की खुमारी में हैं और कहने के लिए शब्द नहीं है।
वहीं, साउथ एक्ट्रेस समांथा रुथ प्रभु ने टीम की जीत पर खुशी जाहिर करते हुए लिखा, ” वूमेन इन ब्लू…आईकॉनिक..। बॉलीवुड की 90 के दशक की अदाकारा रवीना टंडन ने महिला वूमेन की टीम की फोटोज शेयर कर खुशी जाहिर की है और दंगल का डायलॉग शेयर किया है, जिसपर लिखा है “हमारी छोरियां छोरो से कम हैं के…” प्राउड इंडियन वूमेन। जबकि एक्टर वरुण धवन ने जेमिमा रोड्रिगेज की खुशी से रोते हुए फोटो शेयर की और लिखा ‘हीरो’।




