डॉ. मोहन यादव सरकार जनता के हितों के लिए तत्पर, दोषियों पर हो रही सख्त कार्रवाई – रामेश्वर शर्मा

भोपाल : शनिवार, अक्टूबर 25, 2025/ भारतीय जनता पार्टी के विधायक रामेश्वर शर्मा ने दिग्विजय सिंह द्वारा लगाए गए आरोपों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता मध्यप्रदेश में अप्रासंगिक हो गए हैं। दिग्विजय सिंह जैसे नेता खुद को प्रासंगिक बनाए रखने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह ने भ्रामक व तथ्यहीन आरोप लगाकर मध्यप्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया है, लेकिन मध्यप्रदेश की जनता दिग्विजय सिंह और कांग्रेस के बहकावे में आकर गुमराह होने वाली नहीं है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार जनता के हितों के लिए सदैव तत्पर है। छिंदवाड़ा जिले में दूषित कफ सिरप का मामला हो या भोपाल तथा प्रदेश के अन्य जिलों में कार्बाइड गन का मामला, जीरो टॉलरेंस पर कार्य करने वाली डॉ. मोहन यादव सरकार ने सख्त कार्रवाई की है। भाजपा सरकार दोषियों पर ऐसी कार्रवाई कर रही है कि वह अन्य मामलों में भी नजीर बन जाएगी।

भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह वही नेता है, जिनके मुख्यमंत्रित्व काल में मध्यप्रदेश में भ्रष्टाचार और अव्यवस्था से स्वास्थ्य विभाग की नींव हिल गई दी थी। बैतूल जिले के मुलताई में अपनी जायज मांगों को लेकर एकत्रित किसानों पर गोलियां चलवाने वाले दिग्विजय सिंह आज संवेदनशीलता की बात कर रहे हैं। नैतिकता को ताक पर रखकर परिवारवाद और पट्ठावाद की राजनीति को देश और मध्यप्रदेश में फैलाने वाली कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं को नैतिकता और संवेदनशीलता जैसे शब्द बोलना शोभा नहीं देते। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की डबल इंजन सरकार आम जनता के स्वास्थ्य को लेकर योजनाएं बनाकर कार्य कर रही है।

भाजपा के विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि प्रदेश की जनता ने दिग्विजय सिंह को “मिस्टर बंटाधार” नाम दिया है, वह अब जीरो टॉलरेंस पर कार्य करने वाली मध्यप्रदेश की संवेदनशील भाजपा सरकार को लेकर अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। छिंदवाड़ा मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लेकर कोल्ड्रिफ के वितरण पर रोक लगाई। कोल्ड्रिफ लिखने वाले डॉक्टर और दवा निर्माता कंपनी के मालिक को गिरफ्तार किया गया है। दोषी अधिकारियों को निलंबित कर जांच कराई जा रही है। मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। भाजपा संगठन और सरकार पीड़ित परिवार के साथ है। पीड़ितों के इलाज का खर्च भी मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार उठा रही है। कार्बाइड मामले में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बेहद संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने हमीदिया अस्पताल पहुंचकर पीड़ित बच्चों का हाल जाना और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। कार्बाइड गन बेचने वालों के खिलाफ गैर जमानती धाराओं में प्रकरण भी दर्ज किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार जनता के विश्वास और जीवन सुरक्षा के प्रति पूर्णतः समर्पित है। यहां न तो ढिलाई चलेगी, न ही राजनीति के लिए पीड़ा का दोहन होने दिया जाएगा। मध्यप्रदेश अब भ्रम नहीं, भरोसे की राह पर है। जहां सेवा ही संकल्प है और सुरक्षा ही प्राथमिकता है।

Google Search

Boys Hostel in Bhopal