नई दिल्ली : रविवार, अक्टूबर 12, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजमाता विजयाराजे सिंधिया को उनकी जयंती पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी के समाज सेवा के आजीवन प्रयासों को सदैव याद रखा जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि विजयाराजे सिंधिया को भारत की सांस्कृतिक विरासत से गहरा लगाव था। उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए निरंतर कार्य किया, जिससे भारत की परंपराओं और मूल्यों के संरक्षण के प्रति उनकी आजीवन प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई।
“राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन। समाज सेवा के उनके प्रयासों को कभी भुलाया नहीं जा सकेगा। जनसंघ और भाजपा को मजबूत बनाने में उनकी प्रमुख भूमिका रही। हमारी सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति गहरी आस्था रखने वाली विजयाराजे सिंधिया ने हमेशा उन्हें संरक्षित और लोकप्रिय बनाने का काम किया।”
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि राजमाता सिंधिया ने संगठन का विस्तार करने और लोगों में इसे लोकप्रिय बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि राजमाता ने महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य तथा लोक कल्याण के लिए निरंतर कार्य किया। श्री शाह ने कहा कि आपातकाल के दौरान जेल की यातनाएं भी लोकतांत्रिक मूल्यों को कायम रखने के उनके संकल्प से डिगा नहीं सकीं।
वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, “अपने जीवन का हर क्षण लोककल्याण और अंत्योदय की उन्नति के लिए समर्पित करने वाली, सरलता, सहजता और संवेदनशीलता की त्रिवेणी, राजमाता विजयाराजे सिंधिया जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। पूज्य अम्मा महाराज जी स्नेह और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति थीं। यह मेरा सौभाग्य है कि मुझे उनका स्नेह और आशीर्वाद मिला। जनसंघ और भाजपा को आपने मध्य प्रदेश में जिस सेवा और समर्पण से सींचा, वह हम सभी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है।”
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “राजसी वैभव का त्याग कर जनसेवा, लोकतंत्र और राष्ट्रवादी विचारधारा के सशक्तीकरण हेतु अपना सम्पूर्ण जीवन समर्पित करने वाली, भाजपा की संस्थापक सदस्य राजमाता विजयाराजे सिंधिया को विनम्र श्रद्धांजलि। त्याग, संघर्ष और सेवा की प्रतिमूर्ति राजमाता ने जो दिशा दी, वह भारत की एकता और अखंडता को सदैव बल देती रहेगी।”
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने त्याग, करुणा और समर्पण की प्रतीक श्रद्धेय राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राजमाता सिंधिया ने राष्ट्रसेवा के पावन ध्येय के साथ जनसंघ एवं भाजपा को गढ़ने में अतुलनीय योगदान दिया। उनका अद्भुत व्यक्तित्व सदैव प्रेरणा देता रहेगा।




