नई दिल्ली : रविवार, सितम्बर 28, 2025/ दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित वार्षिक आम बैठक में आज नए पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी है। बोर्ड के 37वें अध्यक्ष बने मन्हास अब रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद बिन्नी ने पिछले महीने ही बोर्ड के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।
मिथुन मन्हास ने अपने 18 साल लंबे फर्स्ट-क्लास करियर में 157 मैच खेले और 45.82 की औसत से 9,714 रन बनाए, जिसमें 27 शतक और 49 अर्धशतक शामिल हैं। वह दिल्ली की घरेलू टीम के एक मजबूत स्तंभ थे और अपनी कप्तानी में उन्होंने दिल्ली को 2007-08 में रणजी ट्रॉफी का खिताब भी जिताया था। उस सीजन में उन्होंने 57.56 की औसत से 921 रन बनाकर अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, मन्हास ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भी हिस्सा लिया। वह दिल्ली डेयरडेविल्स, पुणे वॉरियर्स और चेन्नई सुपर किंग्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे।




