नई दिल्ली : मंगलवार, सितम्बर 16, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीतने पर आनंदकुमार वेलकुमार को बधाई दी है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उनके धैर्य, गति और उत्साह ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बना दिया है। उनकी उपलब्धि असंख्य युवाओं को प्रेरणा देगी।
आज एक्स पर अपनी एक पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप 2025 में सीनियर पुरुष 1000 मीटर स्प्रिंट में स्वर्ण पदक जीतने वाले आनंदकुमार वेलकुमार पर गर्व है। उनके धैर्य, गति और जोश ने उन्हें स्केटिंग में भारत का पहला विश्व चैंपियन बनाया है। उनकी उपलब्धि असंख्य युवाओं को प्रेरित करेगी। उन्हें बधाई और भविष्य के सभी प्रयासों के लिए शुभकामनाएं।
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वेलकुमार ने अपने कौशल और सटिकता के साथ भारत के लिए इस स्पर्धा में पहला स्वर्ण पदक जीतकर अनेक एथलिटों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि आनंदकुमार वेलकुमार ने खिताब जीतकर देश को गौरवान्वित किया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि वेलकुमार की यह जीत भारतीय खेल क्षेत्र के लिए एतिहासिक क्षण है जो पीढि़यों को प्रेरित करती रहेगी।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने चीन में आयोजित स्पीड स्केटिंग विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक हासिल करने पर आनंद कुमार वेलकुमार को बधाई दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रतिभावान एथलीट वेलकुमार को उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं हैं।




