नई दिल्ली : मंगलवार, अगस्त 26, 2025/ हॉकी इंडिया ने घोषणा की है कि हॉकी पुरूष एशिया कप 2025 के बिहार के राजगीर में होने वाले सभी मैचों के लिए आगंतुकों के लिए प्रवेश निशुल्क रहेगा। प्रतियोगिता 29 अगस्त से सात सितम्बर तक राजगीर हॉकी स्टेडियम में आयोजित होगी। भारत, जापान, चीन, कजाख्स्तान, मलेशिया, कोरिया और बांग्लादेश प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। यह प्रतियोगिता 2026 एफआईएच हॉकी विश्व कप के लिए क्वालीफायर भी है।
इस अवसर पर हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप तिर्की ने कहा राजगीर में हीरो पुरुष एशिया कप की मेजबानी भारतीय हॉकी के लिए ऐतिहासिक क्षण है। हम चाहते हैं कि हर प्रशंसक इस यात्रा का हिस्सा बने। प्रवेश निशुल्क रखने का उद्देश्य खेल को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाना है ताकि परिवार, छात्र और युवा खिलाड़ी विश्वस्तरीय हॉकी का आनंद ले सकें। यह सिर्फ टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल का उत्सव है और बिहार के लोग इसके केंद्र में हैं।
इस टूर्नामेंट में एशिया की शीर्ष आठ टीमें भाग लेंगी। भारत, जापान, चीन, कजाकिस्तान, मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे। यह टूर्नामेंट एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के लिए क्वालीफायर भी है, जिससे हर मुकाबला और ज्यादा रोमांचक होगा।
भारतीय टीम पूल-ए में जापान, चीन और कजाकिस्तान के साथ रखी गई है। भारत 29 अगस्त को चीन के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगा, 31 अगस्त को जापान से भिड़ेगा और 1 सितंबर को कजाकिस्तान से अपना अंतिम पूल मैच खेलेगा।




