अयोध्या में दीपोत्सव : उपराष्ट्रपति, राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री समारोह में होंगे शामिल

अयोध्या / उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आज दीपोत्सव का 10वां संस्करण मनाया जाएगा। इस मौके पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीपक जलाकर पवित्र नगरी को रोशन करने की तैयारी है। उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और भगवान श्रीराम के प्रतीकात्मक राज्याभिषेक समारोह में हिस्सा लेंगे। इस वर्ष दीपोत्सव में भारत और विदेशों के करीब 2500 कलाकार रामलीला और सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करेंगे। ये कार्यक्रम 12 मंचों पर आयोजित होंगे। इनमें दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, नेपाल, लाओस और थाईलैंड के कलाकार भी शामिल होंगे। इसके अलावा राम कथा पार्क में अयोध्या के 500 साल के इतिहास और राम मंदिर से जुड़ी विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।
स पावन अवसर पर श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के महासचिव पूज्य स्वामी गोविन्ददेव गिरि जी महाराज उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत करेंगे। न्यास की धार्मिक समिति के पांच संत भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। व्यवस्थाओं के समन्वय के लिए न्यास के सचिव जगदीश आफले एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र (सेवानिवृत्त) भी उपस्थित रहेंगे।
दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को यात्री सुविधा केंद्र (पीएफसी) के सभागार में मुख्य कार्यपालक अधिकारी जितेन्द्र मिश्र की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक सम्पन्न हुई। सभी क्षेत्र प्रभारियों ने बताया कि शनिवार को दीप प्रज्ज्वलन की समस्त तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। इस अवसर पर श्रीराम मन्दिर परिसर में लगभग एक लाख दीप प्रज्ज्वलित किये जाएंगे।



