भोपाल : बुधवार, अप्रैल 24, 2024/ भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने मंगलवार को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़, रीवा और सतना में आयोजित जनसभा को संबोधित किया और इंडी गठबंधन और इसके घटक दलों को भ्रष्टाचार और परिवारवाद का जमावड़ा बताते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। इन कार्यक्रमों में उनके साथ मंच पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, उप-मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला, मध्यप्रदेश कैबिनेट मंत्री प्रह्लाद पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व खजुराहो प्रत्याशी विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय मंत्री एवं टीकमगढ़ प्रत्याशी वीरेन्द्र कुमार, रीवा लोकसभा प्रत्याशी जनार्दन मिश्रा, सतना लोकसभा प्रत्याशी गणेश सिंह, प्रदेश महामंत्री रणवीर सिंह रावत सहित अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने कहा कि हम बहुत ही सौभाग्यशाली हैं क्योंकि हम उस पार्टी के सदस्य हैं जिस पार्टी के नेता यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की परिभाषा और संस्कृति को पूरी तरह बदल दी। ये चुनाव सिर्फ हमारे प्रत्याशियों को जिताने का चुनाव नहीं है बल्कि यह चुनाव हमारे प्रत्याशियों के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने का चुनाव है और इसीलिए हमें एक मजबूत, स्थिर और निर्णायक सरकार चाहिए। जनता ने 2019 में ईवीएम का बटन दबाकर एक बहुत महत्वपूर्ण फैसला किया था जिससे कि एक स्थिर सरकार बनी और स्थिर सरकार से यह फर्क आया कि जो हम 1951 से नारा लगाते थे कि एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान नहीं चलेंगे और उसे 6 अगस्त 2019 को संसद में आपके द्वारा चुने गए भाजपा के इन्हीं सांसदों ने धारा 370 को धाराशायी कर दिया।

नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने 1989 में पालमपुर में राम मंदिर का रास्ता प्रशस्त करने का प्रण लिया था, 22 जनवरी 2024 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के करकमलों द्वारा 10 दिन के कठिन अनुष्ठान के बाद अयोध्या में भव्य राम मंदिर के अंदर प्रभु रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की गई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राजनीति की संस्कृति और परिभाषा बदल दी है और आज विकसित भारत के संकल्प के साथ पूरा देश आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत, जापान और ब्रिटेन जैसे देशों को पछाड़कर 10वें नंबर की अर्थव्यवस्था से 5वें नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है। आगामी 2 वर्षों के अंदर भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। इस्पात के उत्पादन में हम चौथे से दूसरे नंबर पर पहुंच गए, 97 प्रतिशत मोबाइल आज भारत में बन रहें हैं, आटोमोबाइल मार्केट में हम तीसरे स्थान पर पहुंच चुके हैं। आज भारत में सबसे सस्ती और असरदार दवाइयां बन रही हैं, पेट्रो केमिकल्स में निर्यात 106 प्रतिशत बढ़ गया है। 10 वर्ष पूर्व भारत में खिलौने और दिवाली की मूर्तियां चीन से आती थी लेकिन आज खिलौनों के निर्माण में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है। आज भारत में हर किसी के हाथ में “मेड इन इंडिया” लिखे हुए मोबाईल हैं।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि आज विकास की दृष्टि से भारत ने एक लंबी छलांग लगाई है। वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीकमगढ़ में हाईवे बनाने के स्वीकृति मिल गई है, 1,65,000 किमी सड़क प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बनाई गई है। मध्यप्रदेश में 51,886 किमी के रेलवे मार्ग का इलेक्ट्रफिकेशन किया गया है। टीकमगढ़ की जनता को वंदे भारत की सौगात मिली है, यह विकसित भारत के संकल्प का एक सुंदर परिदृश्य है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले एक दशक में गांव, गरीब, वंचित, दलित, महिला, शोषित, युवा, और किसानों के सशक्तिकरण पर जोर दिया गया है। प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत 80 करोड़ जनता को 5 किलो गेंहू या चावल और 1 किलो दाल निःशुल्क दी जा रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज भारत में 25 करोड़ से अधिक जनता गरीबी रेखा के ऊपर आ गई है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत ₹6000 रुपये प्रति वर्ष किसानों को दिए जा रहे हैं, जिसमें लगभग 80 लाख किसान मध्यप्रदेश से हैं। उज्जवला योजना के माध्यम से 82 लाख गैस कनेक्शन दिए गए और जल जीवन मिशन से लगभग 55 लाख घरों में नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई। मोदी सरकार ने स्वच्छता अभियान के अंतर्गत 12 करोड़ शौचालय (इज़्ज़तघर) बनवाकर सम्मान देने का कार्य किया है।

सतना में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बरगी डैम से नर्मदा मैया का पानी भी सतना में आएगा, जिससे किसानों के खेत, खलिहान हरियाली से भर जायेंगे। आज सतना में 272 करोड़ रूपए की लागत से रेलवे स्टेशन निर्माण हो रहा है। कुछ समय बाद रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट में अंतर नहीं पता चल पायेगा। ये बदलता भारत नहीं है, बल्कि अब भारत बदल चुका है।

नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 10 साल के अंदर 4 करोड़ घर बनकर तैयार हुए हैं और अगले 5 सालों में 3 करोड़ और पक्के मकान बनाकर तैयार किए जाएंगे। नड्डा ने कहा कि आज प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना के तहत देश के 10 करोड़ 74 लाख परिवारों, कुल 55 करोड़ लोगों जोकि भारत की कुल 40 प्रतिशत आबादी हैं, को आदरणीय मोदी जी ने हर साल 5 लाख रूपए का स्वास्थ बीमा दिया है और आगे अब देश के किसी भी वर्ग के 70 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्ति को आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लाख रूपए तक का निःशुल्क इलाज प्रदान किया जाएगा।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि मध्य प्रदेश में पेट्रोकैमिकल इंजीनियरिंग टेक्नोलॅाजी से जुड़ा इंस्टीटयूट ग्वालियर में खोला गया और मेरे स्वास्थ्य मंत्री के कार्यकाल में ही 14 मेडिकल कॅालेज मध्य प्रदेश में खोलने का प्रस्ताव पास किया गया था जिसमें टीकमगढ़, सतना और छतरपुर भी शामिल हैं। मध्य प्रदेश के किसानों ने कभी सोचा तक नहीं था कि केन-बेतवा लिंक परियोजना को स्वीकृति मिलेगी, लेकिन मोदी ने इस परियोजना पर 44.5 करोड़ रूपए खर्च करके इस क्षेत्र को पानी की कमी की समस्या से निजात दिलाने और हरियाली से भरने की दिशा में काम किया है। मध्य प्रदेश की महिलाओं के लिए हमारी सरकार ने लखपति बहन, लखपति दीदी और लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण करने का कार्य किया है।

नड्डा ने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि दस वर्षों पूर्व भारत में वोटबैंक की राजनीति थी, आज देश में विकासवाद का चुनाव होता है। भारतीय जनता पार्टी की सरकार रिपोर्ट कार्ड की सरकार है। हर चुनाव में लुभावने वादे करना और चुनाव के बाद वादों को भुला देना कांग्रेस की रीति-नीति रही है। कांग्रेस की सरकार गांव के लिए सड़क बनाने का वादा करके चूना से मार्ग बना देते थे, चुनाव समाप्त होते ही बारिश में चूना धुल जाता था और जनता को पांच साल का चूना लग जाता था। भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 70 वर्ष की आयु से अधिक व्यक्ति और किन्नर समाज को भी स्वास्थ्य बीमा दिया जाएगा। लाड़ली लक्ष्मी योजना के माध्यम से महिलाओं का सशक्तिकरण किया गया है, इसके तहत 13 लाख से अधिक बहनें उच्च शिक्षा प्राप्त कर रही हैं। 1 लाख 75 हजार से अधिक ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ा गया है। मध्य प्रदेश में 14 मेडिकल कॉलेज बनवाए गए हैं और ग्वालियर में पेट्रो केमिकल इंजीनियरिंग कॉलेज शुरू हो रहा है। जब कोरोनाकाल में हर कोई अपने घरों में छुपकर बैठा था, तब भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जनता की सेवा में लगा था। कांग्रेस पार्टी सदैव हिन्दू विरोधी रही है। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने भगवान श्री राम के अस्तित्व पर सवाल उठाया था और डीएमके के एक नेता ने सनातन धर्म की तुलना डेंगू और मलेरिया से की थी।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने घमंडिया गठबंधन पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन परिवारवादियों और भ्रस्टाचारियों का जमावड़ा है। एक तरफ प्रधानमंत्री का संकल्प भ्रष्टाचार हटाना है, वहीं दूसरी तरफ इंडी गठबंधन का उद्देश्य भ्रष्टाचार को बचाना है। कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में बोफोर्स घोटाला, अगस्ता घोटाला, पनडुब्बी, कोयला, हेलिकाप्टर, 2जी, 3जी सहित कई घोटाले किए। जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आप पार्टी के नेता मनीष सिसोदिया, संजय सिंह और सत्येंद्र जैन जेल में हैं, राहुल गांधी, सोनिया गांधी, लालू यादव बेल पर बाहर हैं, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और केजरीवाल के खिलाफ केस चल रहे हैं। यह सभी भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। विपक्षी गठबंधन का एक ही एजेंडा है, परिवार बचाओ और भ्रष्टाचार के आरोपों से बचने के लिए गठबंधन बनाओ। इंडी अलायंस के सारे नेता या तो बेल पर हैं, या जेल में हैं। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है और दूसरी तरफ विपक्षी दल गरीबों के हक को छीनकर अपने परिवारों को पाल रहे हैं। जगत प्रकाश नड्डा ने टीकमगढ़ की जनता से लोकसभा प्रत्याशी वीरेंद्र कुमार को विजयी बनाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रीवा लोकसभा क्षेत्र में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता के आशीर्वाद से भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ 163 सीटें जीतकर सरकार में आई। इसके बाद 100 दिनों की सरकार में कई अहम निर्णय भी किए। हमारी सरकार ने निर्णय किया कि किसी व्यक्ति को बीमार होने, दुर्घटना होने पर एम्बुलेंस से अस्पताल तो पहुंचा दिया जाता है, लेकिन यदि उसे किसी बड़े शहर में किसी अस्पताल में ले जाना पड़े तो उसके लिए आयुष्मान योजना के तहत अब एयर एम्बुलेंस की सुविधा भी शुरू कर दी है। इसी तरह गौ माताओं के लिए भी एम्बुलेंस सुविधाएं शुरू की जाएंगी तो वहीं गौशालाओं को दी जाने वाली राशि भी बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि हमारी सरकार किसानों की आमदनी को दोगुना करने की दिशा में तेजी से काम कर रही है। इसी के तहत अब किसानों को गौ पालन करने पर बोनस भी देंगे, ताकि वह खेती के साथ-साथ दूध का भी धंधा करें और अपनी खेती को भी लाभ का धंधा बना सकें।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास के दौरान सबसे ज्यादा समय हमारे प्रदेश की धरती चित्रकूट पर गुजारे। वहां पर वे 11 साल रहे। इसी तरह भगवान श्रीकृष्ण भी उज्जैन में शिक्षा ग्रहण करने के लिए आए। आज हनुमान जी की जयंती है और भगवान राम जब चित्रकूट से आगे बढ़े थे, तब उनकी भेंट हनुमान जी से हुई थी। अब हमारी सरकार ने निर्णय लिया है कि प्रदेश में जहां-जहां भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने लीलाएं की हैं वहां-वहां तीर्थ स्थलों का विकास किया जाएगा। मुझे इस बात की प्रसन्नता है कि सरकार के इस निर्णय से जिन देवस्थानों का विकास होगा, उनमें सबसे ज्यादा देवस्थान सतना जिले में हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सतना की सभा में कहा कि स्थानीय सांसद गणेश सिंह के प्रयासों से सतना में जो मेडिकल कॉलेज मिला है, उसमें हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की भी बड़ी भूमिका रही है, जो उस समय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री थे। भाजपा सरकार के कार्यकाल में यहां 16000 हेक्टेयर से ज्यादा सिंचाई का रकबा बढ़ा है, जिससे किसानों को बहुत फायदा हुआ है। 220 करोड़ की लागत वाली गौरीसागर परियोजना से 7000 हेक्टेयर से अधिक में सिंचाई की सुविधा मिली है। 214 करोड़ के लागत से बाहुली नहर का निर्माण भी सूखे खेतों को हराभरा करने का काम कर रहा है। लेकिन अब प्रतीक्षा है, तो बरगी से मां नर्मदा का पानी यहां लाने की। डॉ. यादव ने कहा कि मैं आप सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि चुनाव हो जाने दीजिए और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुमत की सरकार बन जाने दीजिए, हम मां नर्मदा का पानी यहां लाएंगे और उस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भी हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ही होंगे। इस कार्यक्रम के लिए हम उन्हें अभी से आमंत्रित कर रहे हैं।

टीकमगढ़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने देश और मध्यप्रदेश में वर्षों तक शासन किया, लेकिन लोगों की गरीबी हटाने के नाम पर सिर्फ दिखावा करती रही। लोगों को गरीबी से मुक्ति दिलाने के लिए कोई कार्य नहीं किया। 2014 में केंद्र में नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी, तब गरीबों के कल्याण और सर्वांगीण विकास के कार्य शुरू किए गए। प्रधानमंत्री की गरीब कल्याण की योजनाओं और कार्यों से बीते दस वर्षों में देश के 25 करोड़ लोगों को गरीबी से मुक्ति मिल चुकी है, जिसमें मध्यप्रदेश के करीब 2.5 करोड़ लोग भी शामिल हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश को विकसित बनाने के साथ भारत को विश्व गुरू बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। टीकमगढ़ के साथ पूरे बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश और देश की जनता ने भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद मुक्त भारत बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। आप सभी मतदाता केंद्रीय मंत्री व टीकमगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सतत विकास के लिए दिन-रात कार्य करने वाले पार्टी प्रत्याशी वीरेन्द्र खटीक को हर बूथ पर ऐतिहासिक बहुमत के साथ चुनाव जिताकर नरेन्द्र मोदी और भाजपा को अपना आशीर्वाद प्रदान करें।

सतना में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गरीबों का जीवन बदलने का कार्य कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 2047 तक भारत को विकसित बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। बड़ा लक्ष्य प्राप्त करने के लिए अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को प्राप्त करना है। सतना में विकास के कई आयाम खड़े करने वाले पार्टी प्रत्याशी गणेश सिंह को हर बूथ पर विजय दिलाकर नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए जनता जनार्दन आशीर्वाद रूपी वोट भाजपा को दें।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा कि यह बुंदेलखंड क्षेत्र कभी गरीबी के नाम से जाना जाता था। बुंदेलखंड में पीने के पानी तक की व्यवस्था नहीं थी। कांग्रेस ने वर्षों तक शासन किया, लेकिन बुंदेलखंड के विकास के नाम पर सिर्फ भ्रष्टाचार ही किया, लेकिन नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद जो विकास कार्य इस क्षेत्र में हुए हैं, उसको लेकर आज हम गर्व से कह सकते हैं कि हमारा बुंदेलखंड विकास के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 44605 करोड़ रूपए की केन-बेतवा लिंक परियोजना की सौगात देकर बुंदेलखंड को हराभरा, खुशहाल और समृद्धशाली बनाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इस परियोजना से बुंदेलखंड क्षेत्र के 10 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी और 41 लाख से अधिक लोगों को पीने के पानी की सुविधा मिलेगी। यह परियोजना बुंदेलखंड को हराभरा बनाने के साथ हर गरीब का जीवन बदलने का कार्य करेगी। आप सभी मतदाताओं से मैं अपील करता हूं कि बुंदेलखंड, मध्यप्रदेश और देश के विकास और समृद्धि के लिए नरेन्द्र मोदी को ऐतिहासिक बहुमत से प्रधानमंत्री बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशी को हर बूथ पर जिताकर अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को साकार करें।

टीकमगढ़ में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री व पार्टी प्रत्याशी वीरेन्द्र खटीक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चलाई जा रही गरीब कल्याण की योजनाओं से अबकी बार 400 पार का लक्ष्य प्राप्त होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति देश की जनता का यह अटूट विश्वास, प्रेम ही भाजपा के अबकी बार 400 पार के लक्ष्य को दिलाएगा। खटीक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरीब कल्याण की योजनाओं के हर घर में लाभार्थी मिलेंगे। प्रधानमंत्री ने गरीबों के कल्याण, विकास और उत्थान के लिए कार्य कर किए हैं। देश को विकसित और विश्व गुरू बनाने के लिए नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने भारतीय जनता पार्टी को अपना वोट रूपी आशीर्वाद प्रदान करें।


इस खबर को शेयर करें


Comments