
विशाखापत्तनम : सोमवार, नवम्बर 20, 2023/ विशाखापत्तनम बंदरगाह में कल रात भीषण आग लगने की घटना में 25 से अधिक मछली पकड़ने वाली मशीनीकृत नावें जल गईं। बंदरगाह अधिकारियों ने आग पर नियंत्रण के लिए विशेष अग्निशमन जहाज बुलाए हैं।
घटना के समय लंगरगाह में मौजूद 500 नौकाओं में से 100 में आग लग गई। चालीस नौकाएं पूरी तरह जल गईं, जबकि 60 नौकाओं को नुकसान पहुँचा है। मछुआरों और स्थानीय पुलिस ने कहा कि एक नौका में लगी आग पास की अन्य नौकाओं तक फैल गई।
पुलिस उपायुक्त (कानून व्यवस्था) के. आनंद रेड्डी ने कहा, आग पर काबू पाने के लिए पांच दमकल गाड़ियों को लगाया गया। अभी तक जन-जीवन के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
विशाखापत्तनम के संयुक्त कलेक्टर के. एस. विश्वनाथ ने आज सुबह घटना स्थल का दौरा किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन विभाग से क्षतिग्रस्त नावों, मछुआरों और नाव मालिकों का विवरण जुटाया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा हैं।
उन्होंने बताया कि सरकार आग से प्रभावित मछुआरों और नौका मालिकों को सहायता देगी। संयुक्त कलेक्टर ने कहा कि बंदरगाह में अग्नि सुरक्षा उपायों में खामियों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि मत्स्य पालन मंत्री बंदरगाह का दौरा करेंगे।
Comments