जांजगीर : मंगलवार, अप्रैल 23, 2024/ प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि कांग्रेस यह दुष्‍प्रचार करने में लगी है कि भाजपा संविधान बदल देगी और आरक्षण की व्‍यवस्‍था समाप्‍त कर देगी। वे आज छत्तीसगढ़ में जांजगीर चांपा संसदीय क्षेत्र के सक्ती में एक चुनावी रैली को सम्‍बोधित कर रहे थे।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि देश के संविधान को कोई नहीं बदल सकता। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आजादी के बाद से कांग्रेस तुष्टिकरण और वोटबैंक की राजनीति करती आई है, जबकि भाजपा सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर चलने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की प्राथमिकता गरीबों, युवाओं, महिलाओं और किसानों का कल्याण है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ड्रोन जैसी आधुनिक तकनीक से खेती की लागत कम होगी। महिलाएं इस ड्रोन क्रांति का नेतृत्व करेंगी। इसके लिए महिलाओं को ड्रोन पायलट के रूप में प्रशिक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार का लक्ष्य 3 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाना है। इसका सीधा लाभ स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को मिलेगा।

प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्‍ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के सत्‍ता में आने के बाद से भ्रष्‍टाचार के साथ-साथ नक्‍सली हिंसा पर भी काबू पा लिया गया है। वे आज छत्तीसगढ़ के महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के धमतरी शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने राज्‍य के लोगों को नक्सलवाद को जड़ से खत्म कर देने का भरोसा दिलाया। मोदी ने कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास के लिए केन्‍द्र की ओर से कई कदम उठाए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि राज्य में रेलवे, सिंचाई और इंटरनेट सेवाओं का तेजी से विस्तार किया जाएगा। मोदी कल छत्तीसगढ़ के सरगुजा लोकसभा क्षेत्र के अंबिकापुर शहर में एक रैली को संबोधित करेंगे।


इस खबर को शेयर करें


Comments