मंडला : शनिवार, मार्च 23, 2024/ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश में मातृशक्ति को नेतृत्व करने का अवसर प्रदान किया है। प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय सेना में हमारी बहनों को कार्य करने का अधिक अवसर प्रदान किया। देश में लोकतंत्र के सर्वोच्च राष्ट्रपति पद पर भी एक आदिवासी बहन को नेतृत्व करने का अवसर भाजपा सरकार ने ही प्रदान किया है। लोकतंत्र में महिलाओं की भूमिका बढ़ाने के लिए लोकसभा और राज्यों की विधासभाओं में 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने का ऐतिहासिक कानून प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने बनाया है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने मंडला में पार्टी के जिला कार्यालय में नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। कार्यक्रम को प्रदेश शासन की मंत्री संपतिया उइके ने भी संबोधित किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सच्चे अर्थों में देश के लोकतंत्र को बचाने का काम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कर रहे हैं। प्रधानमंत्री जी ने मातृशक्ति को हर क्षेत्र में कार्य करने का अवसर प्रदान किया है। हमारी मातृशक्ति भाग्यशाली हैं कि उन्हें मोदी जैसे प्रधानमंत्री मिले हैं जो आपके लिए अच्छे से अच्छा सोचते हैं और बेहतर से बेहतर कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हर क्षेत्र में नया-नया नेतृत्व खड़ा कर रही है। संगठन में कार्य कर रहे व्यक्ति को पद-प्रतिष्ठा के साथ संगठन, समाज व सत्ता में काम करने का अवसर प्रदान कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्षी राजनीतिक दल अपने परिवार से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उन्होंने आव्हान किया कि लोकसभा क्षेत्र के प्रत्याशी, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते को विजयी बनाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए आशीर्वाद प्रदान करें।

प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में काम कर रही महिलाओं को नये नेतृत्व और समाज के सभी वर्ग की मातृशक्तियों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य कर रही है। भाजपा सरकार में महिला सशक्तिकरण केवल नारा नहीं, बल्कि देशभर में विभिन्न क्षेत्रों में कार्य कर रही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का अभियान है। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, लाड़ली लक्ष्मी, लाड़ली बहना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ जैसी अनेक योजनाएं चलाकर महिलाओं को देश में नेतृत्व करने की भूमिका में खड़ा किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता मातृशक्तियों में सर्वाधिक है, क्योंकि मोदी का लक्ष्य गरीब, महिला, युवा, किसान को सशक्त कर उन्हें आर्थिक रूप से संपन्न बनाना हैं। शर्मा ने महिलाओं का आह्वान करते हुए कहा कि पार्टी प्रत्याशी फग्गनसिंह कुलस्ते को ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाकर नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने के लिए महिलाएं अधिक से अधिक संख्या में भाजपा को वोट रूपी आशीर्वाद प्रदान करें।

इस अवसर पर पार्टी प्रत्याशी फग्गन सिंह कुलस्ते, लोकसभा चुनाव प्रभारी डॉ. विनोद मिश्रा, भाजपा महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री व शक्ति वंदन प्रभारी शशि पटेल, अनीता तिवारी, शिखा श्रीवास्तव, उमा यादव, सरोज सोनी सहित शक्ति वंदन कार्यक्रम में मण्डला जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले मातृशक्तियां उपस्थित रहीं।


इस खबर को शेयर करें


Comments