मुंबई : रविवार, अक्टूबर 20, 2024/ सुहागनों के लिए करवा चौथ का त्योहार हमेशा ही बहुत खास होता है। करवाचौथ की खरीदारी के लिए शनिवार को शहर के मुख्य बाजार देर रात तक खुले रहे। महिलाओं ने खरीदारी के साथ हाथों पर मेहंदी लगवाई। बाजार व ब्यूटी पार्लरों में देर रात तक किसी महिला ने हाथों पर मेहंदी के सुंदर डिजाइन बनवाए तो किसी ने मेहंदी के डिजाइन में पति का नाम लिखवाया। महिलाएं रविवार को सोलह शृंगार कर पति की लंबी आयु की कामना के साथ निर्जला व्रत रखी है। फिर वो चाहे आम औरतें हों या शिल्पा शेट्टी, अनुष्का शर्मा और कटरीना कैफ जैसी बॉलिवुड की टॉप ऐक्ट्रेसेज, सभी बड़े प्यार और पूरी श्रद्धा के साथ निर्जल व्रत रखती हैं।

करवाचौथ के मौके पर सोनम ने एक इंस्टाग्राम स्टोरी शेयर की है, जो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल होने लगी है। उसमे वह व्हाइट ड्रेस में नजर आ रही हैं। इसके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा- 'आप सबकी जानकारी के लिए मैं करवा चौथ का व्रत नहीं करती, लेकिन मुझे मेहंदी लगाना, तैयार होना और अच्छा खाना बहुत पसंद है।' इस फोटो में सोनम के हाथों में पति आनंद आहुजा और बेटे वायु के नाम देखे जा सकते हैं। अभिनेत्री को मेहंदी लगाने वाली सेलिब्रिटी मेहंदी आर्टिस्ट पम्मी बक्शी गौतम ने भी अपनी इस्टा स्टोरी पर सोनम के हाथों की तस्वीर डाली है और उन्हें और उनकी मां सुनीता कपूर के लिए थैंक यू मैसेज भी लिखा है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस सोनाक्षी सिन्हा ने इसी साल जून में अपने बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल से शादी की थी। सोनाक्षी और जहीर ने 23 जून 2024 को स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत रजिस्टर्ड मैरिज की थी। इस साल सोनाक्षी अपना पहला करवा चौथ मनाएंगी। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर सोनाक्षी लाल साड़ी में दिख रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने लिखा है आज और हर रोज आपकी लंबी उम्र के लिए प्रार्थना कर रही हूं। श्रीमान पति जहीर इकबाल के प्यार का प्रतीक है यह मंगलसूत्र। ये मंगलसूत्र हमारे एक दूसरे के प्रति लिए वचन की याद दिलाता है।

परिणीति चोपड़ा ने इंस्टाग्राम पर अपने दूसरे करवा चौथ की कई तस्वीरें साझा कीं। पहली तस्वीर में वह अपनी मेहंदी डिजाइन को दिखाती हुई नजर आ रही हैं। हैशटैग के साथ उन्होंने लिखा मेहंदी, करवाचौथ। एक अन्य तस्वीर में देखा जा सकता है कि त्यौहार के लिए उनका घर भी सजाया गया है। परिणीति चोपड़ा के हाथों में लगी डोरी से बंधे दो दिलों वाली मेहंदी बहुत ही ज्यादा खूबसूरत है।

बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर त्यौहार की तैयारियों की झलकियां साझा कीं। शिल्पा शेट्टी ने भी अपने हाथों में लगाई करवा चौथ की मेहंदी का लुक शेयर किया है। हाथों और पैरों पर लगी कमल के फूल डिजाइन वाली मेहंदी काफी सुंदर है और शिल्पा के हाथ-पैर की खूबसूरत को और बढ़ा रही है। उन्होंने अपनी ‘सरगी’ का एक प्यारा वीडियो साझा किया, जिसमें उनकी मेज उपहार और भोजन से भरी है। दूसरी तस्वीर में वह सिंपल लेकिन बेहद खूबसूरत मेंहदी को दिखा रही हैं। इसमें खिलता कमल दिख रहा है।


इस खबर को शेयर करें


Comments