प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार “ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्विट्सचिया मिराबिलिस” से किया सम्मानित

नई दिल्ली : बुधवार, जुलाई 9, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नामीबिया की राजकीय यात्रा पर हैं। इस अवसर पर नामीबिया की राष्ट्रपति, महामहिम, नेटुम्बो नंदी-नदैतवा ने प्रधानमंत्री को नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार – ‘ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्विट्सचिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया। वह यह पुरस्कार पाने वाले पहले भारतीय नेता हैं। पुरस्कार स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री ने यह सम्मान 140 करोड़ भारतवासियों तथा भारत और नामीबिया के बीच ऐतिहासिक एवं स्थायी संबंधों को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति नंदी-नदैतवा और नामीबिया की जनता का ह्रदय से आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री को यह पुरस्कार प्रदान किया जाना भारत और नामीबिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। यह दोनों देशों के युवाओं के लिए इस विशेष द्विपक्षीय साझेदारी को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने हेतु प्रेरणा का स्रोत है।

इसका नाम एक अनोखे रेगिस्तानी पौधे वेलविचिया मिराबिलिस पर रखा गया है, जो केवल नामीबिया और आसपास के इलाकों में पाया जाता है और इसे उसकी अनूठी संरचना, लंबी उम्र और जीवन शक्ति के लिए जाना जाता है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राष्ट्रपति नेटुम्बो नंदी-नदैतवाह द्वारा नामीबिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द मोस्ट एंशिएंट वेल्वित्चिया मिराबिलिस’ से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री ने इस सम्मान के लिए राष्ट्रपति और नामीबिया की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह पुरस्कार भारत की जनता और भारत-नामीबिया के बीच स्थायी संबंधों को समर्पित किया।

गौरतलब हो, यह प्रधानमंत्री मोदी के लिए 27वां वैश्विक सम्मान है, जो उनकी पांच देशों की यात्रा के दौरान चौथा और 24 घंटे से भी कम समय में दूसरा है। वहीं, भारतीय समयानुसार मंगलवार रात को, ब्राज़ील ने प्रधानमंत्री मोदी को देश की राजकीय यात्रा के दौरान अपना सर्वोच्च सम्मान – ग्रैंड कॉलर ऑफ़ द नेशनल ऑर्डर ऑफ़ द सदर्न क्रॉस – प्रदान किया।

वहीं, पिछले शुक्रवार को प्रधानमंत्री मोदी पोर्ट ऑफ स्पेन की दो दिवसीय यात्रा के दौरान कैरेबियाई राष्ट्र के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘द ऑर्डर ऑफ द रिपब्लिक ऑफ त्रिनिदाद एंड टोबैगो’ से सम्मानित होने वाले पहले विदेशी नेता बने।त्रिनिदाद और टोबैगो की प्रधानमंत्री कमला प्रसाद बिसेसर ने भारतीय प्रधानमंत्री की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके वैश्विक नेतृत्व, भारतीय प्रवासियों के साथ गहरे संबंधों और कोविड-19 महामारी के दौरान उनके मानवीय प्रयासों के लिए दिया जा रहा है।

 

 

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal