केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कल बुधवार को #लॉन्गलिवडेमोक्रेसी यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे

नई दिल्ली : मंगलवार, जून 24, 2025/ 1975 में भारत में आपातकाल लागू होने के 50 साल पूरे होने पर केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय, दिल्ली सरकार के सहयोग से 25 जून 2025 को नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में संविधान हत्या दिवस मनाएगा। यह दिन लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा के महत्व की याद दिलाता है।

25 जून 1975 को घोषित आपातकाल, भारत की आज़ादी के बाद के इतिहास के सबसे काले अध्यायों में से एक है। इस दौरान मौलिक अधिकारों को निलंबित कर दिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता पर अंकुश लगा दिया गया और लोकतांत्रिक संस्थाओं को खामोश कर दिया गया। वर्ष 2024 में भारत सरकार ने आधिकारिक तौर पर 25 जून को संविधान हत्या दिवस के रूप में अधिसूचित किया, ताकि इस घटनाक्रम को भुलाया न जाए और लोकतंत्र की पवित्रता को लगातार बरकरार रखा जाए।

दिल्ली में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद होंगे, जिनमें शामिल हैं- अमित शाह, केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री (मुख्य अतिथि), अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय रेल, सूचना और प्रसारण, तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री, विनय कुमार सक्सेना, उपराज्यपाल, दिल्ली, रेखा गुप्ता, दिल्ली की मुख्यमंत्री।

दिल्ली में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम की मुख्य विशेषताएं-

भारतीय लोकतंत्र पर विशेष प्रदर्शनी – प्रदर्शनी को तीन क्यूरेटेड खंडों में विभाजित किया जाएगा

भारत – लोकतंत्र की जननी: भारत की प्राचीन और सहभागी लोकतांत्रिक परंपराओं को प्रदर्शित करना

लोकतंत्र के काले दिन: 1975 के आपातकाल की घटनाओं और परिणामों की क्रमवार जानकारी

भारत में लोकतंत्र को मजबूत करना: चुनावी पारदर्शिता, नारी शक्ति वंदन अधिनियम, प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण (डीबीटी) और डिजिटल सार्वजनिक शिकायत प्लेटफ़ॉर्म जैसे हाल के लोकतांत्रिक सुधारों को प्रदर्शित करना

राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (NSD) द्वारा नाट्य नाटक: आपातकाल के दौर का एक शक्तिशाली नाट्य रूपांतरण, आम नागरिकों और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर इसके प्रभाव को दर्शाना।

आपातकाल पर एक लघु फिल्म की स्क्रीनिंग: आपातकाल के लागू होने और उसके नतीजों पर सिनेमाई तस्वीर पेश करने वाली एक विशेष रूप से कमीशन की गई फिल्म

सिग्नेचर ट्रिब्यूट वॉल: नागरिकों को संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि करते हुए व्यक्तिगत संदेश लिखने के लिए प्रोत्साहित करने वाली एक इंटरैक्टिव इंस्टालेशन

केंद्रीय गृह मंत्री और सहकारिता मंत्री अमित शाह मायभारत के स्वयंसेवकों द्वारा निकाली गई “#लॉन्गलाइवडेमोक्रेसी यात्रा” को हरी झंडी दिखाएंगे। यह यात्रा संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक अधिकारों और आपातकाल से मिली सीख के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए पूरे देश में आयोजित की जाएगी।

दिल्ली में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के अलावा, देश भर के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में संबंधित मुख्यमंत्रियों, राज्यपालों और उपराज्यपालों के नेतृत्व में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों की जानकारी इस प्रकार है – आपातकाल का विरोध करने वाले और लोकतंत्र की रक्षा करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदर्शनी, सार्वजनिक चर्चाएँ और फ़िल्म स्क्रीनिंग शामिल की जाएंगी। लोकतांत्रिक संस्थाओं की कमज़ोरी और उनकी शक्तियों पर अंतर-पीढ़ीगत संवाद को बढ़ावा।

संस्कृति मंत्रालय हर राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में 50 प्रमुख स्थानों पर “लॉन्ग लिव डेमोक्रेसी” प्रदर्शनी के शुभारंभ का समन्वय भी कर रहा है, जो आने वाले हफ़्तों में जनता के लिए खुली रहेंगी।

 

Google Search

Boys Hostel in Bhopal