नई दिल्ली : बुधवार, मई 14, 2025/ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सीबीएसई की कक्षा 12वीं और 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यह आपके दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। आज का दिन माता-पिता, शिक्षकों और अन्य सभी लोगों की भूमिका को स्वीकार करने का भी दिन है, जिन्होंने इस उपलब्धि को हासिल करने में योगदान दिया है।”
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “जो लोग अपने अंकों से थोड़ा निराश महसूस करते हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं: एक परीक्षा कभी भी आपको परिभाषित नहीं कर सकती। आपकी यात्रा बहुत बड़ी है और आपकी शक्ति मार्कशीट से आगे कहीं दूर तक जाती है। आप अपना आत्मविश्वास बनाए रखें, जिज्ञासु बने रहें क्योंकि महान चीजें आपकी प्रतीक्षा कर रही हैं”।
प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया – सीबीएसई कक्षा 12वीं और 10वीं की परीक्षा में उत्तीर्ण होने वाले सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई! यह आपके दृढ़ संकल्प, अनुशासन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। आज का दिन माता-पिता, शिक्षकों और अन्य सभी लोगों की भूमिका को भी याद करने का दिन है, जिन्होंने इस उपलब्धि को अर्जित करने में योगदान दिया है। परीक्षा में शामिल योद्धाओं को आगे आने वाले सभी अवसरों में सफलता की शुभकामनाएं! जो लोग अपने अंकों से थोड़ा निराश महसूस करते हैं, मैं उनसे कहना चाहता हूं: एक परीक्षा कभी भी आपको परिभाषित नहीं कर सकती। आपकी यात्रा बहुत बड़ी है और आपकी शक्ति मार्कशीट से आगे कहीं दूर तक जाती है। अपना आत्मविश्वास बनाए रखें, जिज्ञासु बने रहें क्योंकि महान चीजें आपकी प्रतीक्षा कर रही हैं।
बता दें कि सीबीएसई की 12वीं कक्षा का परीक्षा रिजल्ट 88.39 प्रतिशत रहा। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड के परीक्षा नियंत्रक डॉ. संयम भारद्वाज ने कक्षा 12 के रिजल्ट की घोषणा करते हुए बताया कि इस साल परीक्षा के लिए कुल 17,04,367 छात्रों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 16,92,794 उपस्थित हुए और उनमें से 14,96,307 पास हुए हैं। वहीं, सीबीएसई की 10वीं कक्षा के नतीजे में 93.60 प्रतिशत छात्रों ने सफलता पाई। सीबीएसई बोर्ड दसवीं परीक्षा में इस बार करीब 23 लाख स्टूडेंट्स शामिल हुए, इनमें से 22 लाख छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।




